लुहेड़ी गांव के मेले में 1462 पशुओं का उपचार:पशुपालकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी
महोबा के कबरई विकासखंड के लुहेड़ी गांव में शुक्रवार को पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। पशु चिकित्सकों की टीम ने मेले में 1462 पशुओं का उपचार और दवापान किया। पशु चिकित्सालय श्रीनगर के तत्वावधान में लगे निःशुल्क मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि पं. पुष्पेंद्र नायक, पूर्व ग्राम प्रधान पं. हरनारायण दुबे और नोडल अधिकारी डॉ. राजेश सिंह राजपूत ने किया। उन्होंने गौ पूजन किया और मां सरस्वती तथा पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया। मेले में 864 बकरियों और भेड़ों को बीमारियों से बचाव के लिए दवापान कराया गया। अन्ना पशुओं की रोकथाम के लिए 19 देशी बछड़ों का बधियाकरण किया गया। 93 भैंसों की बांझपन चिकित्सा हुई, 7 गाय और भैंसों का कृत्रिम गर्भाधान किया गया और 479 पशुओं का सामान्य उपचार हुआ। पं. पुष्पेंद्र नायक ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से पशुपालकों के हित में ऐसे मेले लगाए जा रहे हैं। डॉ. राजेश सिंह राजपूत ने पशुपालकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गौशालाओं से गाय लेकर उनका पालन करने की अपील भी की। कार्यक्रम का संचालन पूर्व पशुधन प्रसार अधिकारी ओम नारायण सोनी ने किया। अंत में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीर प्रताप सिंह राजपूत ने अतिथियों और पशुपालकों का आभार जताया। मेले में आसपास के गांवों के पशुपालक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)