नकली दवा के खिलाफ खैरनगर के दवा कारोबारी एकजुट:बोले- इसे बनाने और बेचने वालों के घर बुलडोजर चले, संपत्ति जब्त की जाए

Nov 21, 2026 - 06:18
0
नकली दवा के खिलाफ खैरनगर के दवा कारोबारी एकजुट:बोले- इसे बनाने और बेचने वालों के घर बुलडोजर चले, संपत्ति जब्त की जाए
हिमाचल प्रदेश के सोलन में नकली दवाओं की फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद मेरठ के दवा बाजार में भी खलबली मची हुई है। एशिया के सबसे बड़े दवा बाजारों में शुमार खैरनगर के कारोबारियों को अब अपने कारोबार की साख और भविष्य की चिंता सताने लगी है। नकली दवाओं के कारोबार में मेरठ का नाम सामने आने से नाराज दवा कारोबारियों ने शुक्रवार को बैठक कर ऐसे लोगों के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया। कारोबारियों ने एक सुर में कहा कि चंद लोगों के लालच की वजह से पूरे दवा बाजार को बदनाम नहीं होने दिया जाएगा। नकली दवा बनाने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए…! बैठक में कारोबारियों ने कई अहम फैसले लिए। तय किया गया कि जल्द ही जिला प्रशासन और ड्रग विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर नकली दवा के कारोबार में शामिल लोगों के नाम और उनके नेटवर्क का खुलासा करने की मांग की जाएगी। जानिए दवा कारोबारियों ने क्या कहा बेचने वालों पर हो ज्यादा कार्रवाई : मनोज शर्मा दवा कारोबारी मनोज शर्मा का कहना है कि नकली दवाएं बनाने वालों के खिलाफ तो कार्रवाई होनी ही चाहिए लेकिन उनसे भी ज्यादा सख्ती उन लोगों पर होनी चाहिए जो इन दवाओं को बाजार में बेचते हैं। ऐसे कारोबारी भी उतने ही जिम्मेदार हैं क्योंकि उनके माध्यम से नकली दवाएं आम लोगों तक पहुंचती हैं। नरमी बरतने का सवाल ही नहीं : गुड्डू मोइनुद्दीन अहमद उर्फ गुड्डू का कहना है कि नकली दवाओं के कारोबार में शामिल लोगों के साथ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए। ये लोग अपने मुनाफे के लिए मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जो दूसरों के लिए भी सबक बने। योगी सरकार की तरह हो बुलडोजर एक्शन : राजेश जैन कारोबारी राजेश जैन का कहना है कि नकली दवा बनाने और बेचने वालों के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की तर्ज पर बुलडोजर कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों के लिए इससे कम सजा नहीं होनी चाहिए। मेरठ का नाम जुड़ना शर्मनाक : राजीव ग्रोवर राजीव ग्रोवर का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में नकली दवाओं का कारोबार पकड़े जाने के मामले में मेरठ के दवा बाजार का नाम सामने आना बेहद शर्मनाक है। खैरनगर की पहचान दवा कारोबार से है। कुछ लोगों की गैरकानूनी गतिविधियों के कारण पूरे बाजार की प्रतिष्ठा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। कारोबारियों ने ये मांगें भी उठाई सोलन से मेरठ तक पहुंचा नकली दवाओं का नेटवर्क नकली दवाओं का यह मामला केवल हिमाचल प्रदेश में चल रही एक फैक्ट्री तक सीमित नहीं है। इसकी जांच की शुरुआत वाराणसी में एक मेडिकल स्टोर पर नकली दवाएं मिलने के बाद हुई थी। दवा निर्माता कंपनियों से जांच कराने पर दवाओं के नकली होने की पुष्टि हुई। इसके बाद यूपी एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने सप्लाई चेन खंगालनी शुरू की। जांच की कड़ियां जुड़ती गईं और टीम अंतरराज्यीय नेटवर्क के मुख्य सप्लायर तक पहुंच गई। इस मामले में अभिषेक सिंह उर्फ रवि की गिरफ्तारी के बाद हिमाचल प्रदेश में नकली दवाएं तैयार करने के ठिकानों का पता चला। सोलन में बिना लाइसेंस बन रहीं थी दवा 18-19 नवंबर को एसटीएफ और एफएसडीए की टीमों ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की नालागढ़ तहसील के राजपुरा-खेड़ा बाईपास क्षेत्र में छापा मारा। यहां बिना लाइसेंस दवा बनाने वाली फैक्ट्री संचालित मिली। फैक्ट्री में नामी दवा कंपनियों के ब्रांड की नकल कर दवाएं तैयार की जा रही थीं। मौके से ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्यूमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने की मशीन, वजन मापने के उपकरण, प्रिंटेड फॉइल और स्टीरियो प्रिंटिंग उपकरण बरामद किए गए। यानी दवाएं बनाने से लेकर उनकी पैकिंग और नामी कंपनियों के ब्रांड की नकल करने तक का पूरा इंतजाम था। खैरनगर की साख पर उठने लगे सवाल जिला मेरठ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल की मानें तो मेरठ का खैरनगर बाजार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख थोक दवा केंद्रों में गिना जाता है। यहां दवाओं के थोक कारोबार के साथ बड़ी संख्या में मेडिकल स्टोर और दवा वितरकों का नेटवर्क जुड़ा है। आसपास के जिलों के कारोबारी भी दवाओं की खरीदारी के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसे में इस बाजार से जुड़े किसी भी कारोबारी का नाम नकली दवाओं की सप्लाई में आने का असर केवल एक दुकान तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि पूरे बाजार की साख प्रभावित हो सकती है। ड्रग माफियाओं को चिह्नित करेंगे कारोबारी दवा कारोबारियों का कहना है कि खैरनगर की पहचान वर्षों से दवाओं के वैध कारोबार के कारण बनी है। हजारों लोगों की आजीविका इस बाजार से जुड़ी है। कुछ लोगों के लालच के कारण पूरे बाजार को संदेह के घेरे में खड़ा करना गलत है। इसलिए कारोबारियों ने अब खुद भी ऐसे लोगों की पहचान कराने और प्रशासन के सामने उनके नाम रखने का निर्णय लिया है। सोमवार को प्रशासन से करेंगे मुलाकात कारोबारियों ने तय किया है कि सोमवार को दवा कारोबारियों का दल जिला प्रशासन और ड्रग विभाग के अधिकारियों से मुलाकात करेगा। इसमें नकली दवाओं के कारोबार में शामिल लोगों के नाम सामने लाने, बाजार में जांच अभियान चलाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User