खंडहरनुमा मकान में युवक का शव फंदे पर लटका मिला:मेला देखने निकला था युवक, सुबह 6 बजे सफाईकर्मी ने देखा शव
फतेहपुर के खागा कोतवाली क्षेत्र के लोहाई गली अहिरिनपर मोहल्ले में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 25 वर्षीय युवक का शव एक खंडहरनुमा मकान के छज्जे में निकली सरिया से फंदे पर लटका मिला। युवक गुरुवार रात मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह एक सफाईकर्मी ने शव देखा तो आसपास के लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं। मृतक की पहचान नीरज पटेल के रूप में हुई है। वह पल्लेदारी का काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात वह मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे एक सफाईकर्मी ने पड़ोस के खंडहरनुमा मकान की सीढ़ियों के पास छज्जे में निकली सरिया से उसका शव लटका देखा। मां और भाई बदहवास हालत में पहुंचे शव मिलने की सूचना पर नीरज की मां माधुरी देवी और बड़ा भाई रवि कुमार मौके पर पहुंचे। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। भोर में सब्जी मंडी के पास देखा गया था स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि नीरज को शुक्रवार भोर करीब 4 बजे सब्जी मंडी के सार्वजनिक शौचालय के पास बैठे हुए देखा गया था। इसके बाद उसका शव खंडहरनुमा मकान में मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)