मैनपुरी में छज्जा गिरने से घायल युवक की हालत नाजुक:इलाज का खर्च न उठाने का मकान मालिक पर आरोप, SP ऑफिस पहुंचे परिजन

Nov 13, 2026 - 14:45
0
मैनपुरी में छज्जा गिरने से घायल युवक की हालत नाजुक:इलाज का खर्च न उठाने का मकान मालिक पर आरोप, SP ऑफिस पहुंचे परिजन
मैनपुरी में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से गंभीर रूप से घायल मजदूर के परिजन शुक्रवार सुबह उसे एंबुलेंस से लेकर SP ऑफिस पहुंच गए। उन्होंने मकान मालिक पर इलाज की जिम्मेदारी नहीं उठाने और दबाव बनाकर काम कराने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि मजदूर की हालत अभी भी नाजुक है, लेकिन उसके इलाज का खर्च परिवार को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने SP से कार्रवाई की मांग की। नए छज्जे पर काम करने से किया था मना मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छपट्टी का है। न्यू बस्ती गाड़ीवान की रहने वाली रामकली ने SP को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पति जितेंद्र कोरी राजमिस्त्री का काम करते हैं। वह अपने भांजे अनमोल के साथ करीब तीन महीने से दीपक उर्फ दीपू यादव के मकान में निर्माण कार्य कर रहे थे। रामकली के मुताबिक, छह नवंबर को मकान की दूसरी मंजिल पर बने नए छज्जे पर चिनाई का काम कराया जा रहा था। जितेंद्र ने छज्जा नया होने के कारण उस पर काम करने से मना किया था। उन्होंने आशंका जताई थी कि ईंटों और मजदूरों का वजन बढ़ने से छज्जा टूट सकता है। आरोप है कि इसके बावजूद मकान मालिक ने उनकी बात नहीं मानी और दबाव बनाकर काम कराया। छज्जा टूटने से दो मजदूर हुए थे घायल आरोप है कि काम के दौरान छज्जा टूटकर नीचे गिर गया। हादसे में जितेंद्र के साथ एक अन्य मजदूर शैतान सिंह भी घायल हो गए। जितेंद्र को गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रामकली का आरोप है कि मकान मालिक ने पति के इलाज का खर्च नहीं उठाया और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दिलाकर घर ले आया। उनका कहना है कि जितेंद्र की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे परिजन उन्हें एंबुलेंस से SP कार्यालय लेकर पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। दो बेटियों के पालन-पोषण का संकट रामकली ने बताया कि जितेंद्र मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। उनकी दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी 13 साल और छोटी महज दो साल की है। पति के काम करने में असमर्थ होने से परिवार के सामने रोजी-रोटी और बेटियों के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। महिला ने पति और भांजे की करीब 30 दिन की बकाया मजदूरी नहीं देने का आरोप भी लगाया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User