कुशीनगर में 60 से अधिक घाटों पर छठ की तैयारी:15 नवंबर को डूबते सूर्य को देंगे अर्घ्य, नहाय-खाय के साथ महापर्व शुरू
कुशीनगर। जिले में गुरुवार सुबह नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत हो गई। पडरौना नगर पालिका क्षेत्र के 60 से अधिक छोटे-बड़े घाटों और पूजा स्थलों पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। घाटों पर जमीन समतल करने, सफाई और वेदियों को रंगने का काम अंतिम चरण में है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। 15 नवंबर को डूबते और 16 नवंबर को उगते सूर्य को देंगे अर्घ्य नगर के ज्योतिषाचार्य पं. राघवेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि गुरुवार को नहाय-खाय के साथ व्रती महिलाओं ने महापर्व की शुरुआत की। इस व्रत में साफ-सफाई और नियमों का विशेष ध्यान रखा जाता है। उन्होंने बताया कि रविवार, 15 नवंबर की शाम व्रती महिलाएं डूबते सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य देंगी। इसके बाद सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन करेंगी। महिलाएं छठी मइया और सूर्यदेव से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। हर घाट पर दो कर्मचारियों की लगाई गई ड्यूटी पडरौना नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विनय जायसवाल ने बताया कि नगर क्षेत्र के 60 से अधिक घाटों को समतल करने और वहां की कमियों को दूर करने का काम अंतिम चरण में है। प्रत्येक घाट पर दो कर्मचारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि अर्घ्य के दिन शाम और सुबह सफाई के साथ चाय, चना और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी की जाएंगी, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। बुढ़िया माई मंदिर और सुराजी पोखरा पर जुटती हैं व्रती पडरौना के बुढ़िया माई मंदिर, सुराजी पोखरा, छावनी और बावली चौक स्थित छठ घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की है। एसपी केशव कुमार ने सभी घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार से 16 नवंबर की सुबह तक यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)