उन्नाव में सड़क हादसे में युवक की मौत:कानपुर से प्रतापगढ़ जा रहा था, 14 घंटे बाद हुई शिनाख्त
बिहार थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के करीब 14 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर उन्नाव पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। मृतक कानपुर से अपने घर प्रतापगढ़ लौट रहा था। पाटन चौकी से 500 मीटर पहले हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक, हादसा बिहार थाना क्षेत्र की पाटन चौकी से करीब 500 मीटर पहले हुआ। गुरुवार देर रात किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंद दिया और मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान हालत में पड़े युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। रात में युवक के पास पहचान से जुड़ा कोई पुख्ता दस्तावेज न होने के कारण शिनाख्त नहीं हो सकी थी। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे प्रतापगढ़ से पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। तीन भाइयों में सबसे बड़ा था अजीत मृतक की पहचान प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित नगरीय मऊ निवासी अजीत कुमार साहू (24) पुत्र राकेश कुमार साहू के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अजीत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह किसी काम के सिलसिले में कानपुर गया था और गुरुवार रात बाइक से वापस अपने घर प्रतापगढ़ जा रहा था, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। अजीत तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस मामले को लेकर बिहार थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)