दिवाली-छठ पर आगरा वालों को मिली राहत:ईदगाह पर रुकेंगी दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, बिहार-गुजरात-राजस्थान जाना होगा आसान
दिवाली और छठ पर्व पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। आगरा से बिहार, गुजरात और राजस्थान जाने वाले यात्रियों को अब राहत मिलेगी। रेलवे ने अहमदाबाद-राजगीर और राजकोट-बरौनी के बीच चलने वाली दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का ठहराव आगरा के ईदगाह स्टेशन पर दिया है। इन ट्रेनों से यात्री पटना, राजगीर, बरौनी, अहमदाबाद, जयपुर और अजमेर समेत कई शहरों तक आसानी से सफर कर सकेंगे।त्योहार पर हर साल आगरा से बिहार और गुजरात जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ होती है। इस बार भी सभी नियमित ट्रेनों में वेटिंग 100 के पार पहुंच गई है। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों के ठहराव से हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर छठ पूजा के लिए बिहार जाने वाले लोगों को अब सीट मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। अहमदाबाद-राजगीर स्पेशल का शेड्यूल
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि गाड़ी संख्या 09441 अहमदाबाद-राजगीर स्पेशल 4 और 11 नवंबर को चलेगी। यह ट्रेन ईदगाह स्टेशन पर दोपहर 1:57 बजे पहुंचेगी और 2:02 बजे रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09442 राजगीर-अहमदाबाद स्पेशल 6 और 13 नवंबर को चलेगी। यह ट्रेन सुबह 4:48 बजे ईदगाह पहुंचेगी और 4:53 बजे रवाना होगी। इस ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे। इसमें स्लीपर और एसी कोच की सुविधा मिलेगी।यह ट्रेन आगरा से बयाना, कोटा, रतलाम, जयपुर, अजमेर, प्रयागराज, पटना होते हुए राजगीर तक जाएगी। इससे राजस्थान और बिहार दोनों तरफ के यात्रियों को फायदा होगा। राजकोट-बरौनी स्पेशल का शेड्यूल
इसी तरह गाड़ी संख्या 09569 राजकोट-बरौनी साप्ताहिक स्पेशल 5, 12, 19 और 26 नवंबर को राजकोट से चलेगी। यह ट्रेन शुक्रवार सुबह 11:40 बजे ईदगाह पहुंचेगी और 11:45 बजे रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09570 बरौनी-राजकोट स्पेशल 7, 14, 21 और 28 नवंबर को चलेगी। यह रविवार शाम 4:50 बजे ईदगाह पहुंचेगी और 4:55 बजे रवाना होगी। इसमें 22 कोच होंगे।इस ट्रेन से आगरा के यात्री छपरा, हाजीपुर, पटना, बरौनी तक यात्रा कर सकेंगे। छठ पर्व के लिए बिहार जाने वालों के लिए यह ट्रेन सबसे ज्यादा फायदेमंद साबित होगी। यात्रियों को मिलेगी सुविधा
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्पेशल ट्रेनों में यात्रा के लिए पहले से टिकट बुक कराएं। भीड़ को देखते हुए ईदगाह स्टेशन पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया जाएगा। टिकट काउंटर और पूछताछ केंद्र पर भी व्यवस्था बढ़ाई गई है। रेलवे का कहना है कि त्योहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इससे नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा और यात्रियों को घर पहुंचने में आसानी होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)