मेरठ में 48 केंद्रों पर कल होगी पीईटी परीक्षा:सीसीटीवी से होगी निगरानी, फोटो और आइरिस स्कैन से होगा अभ्यर्थियों का वेरिफिकेशन

Oct 29, 2026 - 16:31
0
मेरठ में 48 केंद्रों पर कल होगी पीईटी परीक्षा:सीसीटीवी से होगी निगरानी, फोटो और आइरिस स्कैन से होगा अभ्यर्थियों का वेरिफिकेशन
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी), लखनऊ की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के लिए मेरठ में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में परीक्षा के लिए 48 केंद्र बनाए गए हैं। 25 अक्टूबर को परीक्षा का एक चरण संपन्न होने के बाद अब 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को परीक्षा आयोजित की जाएगी। दोनों दिन दो-दो पालियों में होने वाली परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। प्रत्येक पाली में करीब 22 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। दो पालियों में होगी परीक्षा, समय से पहले पहुंचना जरूरी पीईटी-2026 की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक और दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर प्रतिबंध परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर रोक रहेगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित की जाएं। केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ अभ्यर्थियों की तलाशी और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। पहचान का सत्यापन पूरा होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में एंट्री दी जाएगी। एडमिट कार्ड और फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को डाउनलोड किया हुआ प्रवेश पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा फोटोयुक्त पहचान पत्र अथवा मूल आधार कार्ड भी रखना होगा। अभ्यर्थियों को पासपोर्ट साइज की दो फोटो भी साथ लानी होंगी। केंद्रों पर दस्तावेजों की जांच और पहचान का वेरिफिकेशन करने के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा से पहले अपने जरूरी दस्तावेज तैयार रखें, ताकि केंद्र पर प्रवेश के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। 100 एमसीक्यू सवालों के जवाब ओएमआर शीट पर देने होंगे पीईटी-2026 एमसीक्यू सवालों पर आधारित परीक्षा होगी। इसमें अभ्यर्थियों से कुल 100 सवाल पूछे जाएंगे। इनके जवाब ओएमआर शीट पर देने होंगे। परीक्षा कक्ष में प्रत्येक 24 परीक्षार्थियों पर दो कक्ष निरीक्षकों की तैनाती रहेगी। केंद्र व्यवस्थापकों को अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण और परीक्षा से जुड़ी अन्य प्रक्रियाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा के दौरान सभी व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी, ताकि परीक्षा व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। सीसीटीवी से निगरानी, फोटो और आइरिस स्कैन से पहचान परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर लाइव सीसीटीवी निगरानी के साथ रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए फोटो और आइरिस स्कैन के माध्यम से बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा। केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा शुरू होने से पहले सीसीटीवी कैमरों, बायोमेट्रिक सत्यापन प्रणाली और अन्य व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या न आए। प्रशासन का जोर परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर है। रेन बसेरों में भी की गई व्यवस्था परीक्षा में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों और दूरदराज के क्षेत्रों से मेरठ आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए नगर निगम की ओर से रेन बसेरों में व्यवस्था की गई है। इससे बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को ठहरने में सुविधा मिल सकेगी। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर सुरक्षा, प्रवेश, पहचान वेरिफिकेशन और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User