डीएम ने सड़क सुरक्षा के लिए विभागों को निर्देश दिए:अमेठी में समिति की बैठक; ब्लैक स्पॉट सुधारने, वाहनों की जांच और अतिक्रमण हटाने को कहा
अमेठी में सड़क हादसों को रोकने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की अध्यक्षता की। बैठक दोपहर 3 बजे हुई। बैठक में बीते साल दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। इसके बाद जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट, सड़क सुधार और यातायात नियमों का पालन कराने पर चर्चा हुई। डीएम ने प्रमुख सड़कों और संवेदनशील जगहों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, सड़क के गड्ढों की मरम्मत, रिफ्लेक्टर और रोड मार्किंग का काम जल्द पूरा करने को कहा। पूरे हो चुके कामों की मौके पर जांच करने के निर्देश भी दिए।
स्कूली वाहनों और बसों की नियमित जांच, फिटनेस और जरूरी दस्तावेजों की जांच करने को कहा गया। 15 साल से पुराने वाहनों पर खास निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। डीएम ने शराब पीकर गाड़ी चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सड़क किनारे उगी झाड़ियां काटकर दृश्यता बढ़ाने और टोल प्लाजा पर कांटा, क्रेन, कटर व एम्बुलेंस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। प्रमुख चौराहों पर रोशनी, संकेतक और चेतावनी बोर्ड ठीक रखने को भी कहा। डीएम ने कहा कि सड़क किनारे दुकानदारों के सामान फैलाने से अतिक्रमण होता है और हादसों की आशंका बढ़ती है। उन्होंने अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने और दोबारा अतिक्रमण मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में बस स्टैंड निर्माण की प्रगति, कमरौली क्रॉसिंग चौड़ी करने और पोल शिफ्टिंग पर भी निर्देश दिए गए। पुलिस और एनएचएआई को तय रोस्टर के अनुसार साथ में पेट्रोलिंग करने, गलत दिशा से आने वाले वाहनों के चालान काटने और आबादी वाले इलाकों में ब्लिंकिंग लाइट लगाने को कहा गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र, एआरटीओ, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)