सहारनपुर पुलिस ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर दौड़ लगाई:रन फॉर यूनिटी में विजेताओं को ट्रॉफी देकर किया गया सम्मानित

Oct 31, 2026 - 10:02
0
सहारनपुर पुलिस ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर दौड़ लगाई:रन फॉर यूनिटी में विजेताओं को ट्रॉफी देकर किया गया सम्मानित
सहारनपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार सुबह सात बजे पुलिस ने ‘रन फॉर यूनिटी-2026’ कार्यक्रम आयोजित किया। रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड से शुरू हुई इस दौड़ में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। तीन किलोमीटर की दौड़ लगाकर पुलिसकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। साथ ही लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम का आयोजन एसएसपी अभिनन्दन के निर्देशन में किया गया। सुबह पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड पर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी एकत्र हुए। इसके बाद एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव और प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में दौड़ शुरू हुई। दौड़ पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से शुरू होकर थाना सदर बाजार क्षेत्र से होते हुए वापस पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान पुलिसकर्मियों में दौड़ को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों ने पूरे जोश के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के जरिए राष्ट्रीय एकता के साथ पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से फिट रहने का संदेश भी दिया गया। दौड़ प्रतियोगिता में महिला वर्ग में आरक्षी सारूल (जेटीसी) ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि एसआई किरण दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं पुरुष वर्ग में आरक्षी सचिन ने सबसे तेज दौड़ लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। आरक्षी श्याम कुमार दूसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक यातायात ने महिला और पुरुष वर्ग के विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन भी किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और पुलिसकर्मियों में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User