पूर्व चेयरमैन पर जातिसूचक गाली और धमकी देने पर FIR:भाजपा नेता की शिकायत पर पांच पर एक्शन, पत्नी नामित सभासद
फर्रुखाबाद की कम्पिल नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन उदयपाल यादव समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। भाजपा के मंडल महामंत्री राजेश कठेरिया ने आरोप लगाया कि पूर्व चेयरमैन अपने साथियों के साथ उनके घर पहुंचे और पत्नी के सामने जातिसूचक गालियां दीं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर पहुंचकर गेट में मारा धक्का, दी जान से मारने की धमकी कस्बे के मोहल्ला पट्टी मदारी निवासी राजेश कठेरिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह भाजपा कम्पिल मंडल के महामंत्री हैं। उनकी पत्नी मोनिका कठेरिया नगर पंचायत में नामित सभासद हैं। आरोप है कि 10 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे पूर्व चेयरमैन उदयपाल यादव अपने पांच साथियों के साथ उनके घर पहुंचे। उस समय उनकी पत्नी मोनिका घर पर थीं। आरोप है कि पूर्व चेयरमैन ने गेट में धक्का मारते हुए जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देने लगा। इससे भयभीत होकर उनकी पत्नी छत पर चली गईं। विरोध करने पर बोले- राजेश को काटकर फेंक देंगे राजेश के मुताबिक, शोरगुल सुनकर उनके पारिवारिक भाई संध्या राम कठेरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज का विरोध किया तो पूर्व चेयरमैन आगबबूला हो गया। आरोप है कि उसने कहा कि राजेश ज्यादा बड़ा नेता बनता है, आज उसे काटकर नहीं फेंका तो कहना। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए अपने साथियों के साथ चला गया। राजेश ने बताया कि घर पहुंचने पर पत्नी ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि वह अनुसूचित जाति से हैं और घटना के बाद उनका परिवार डर के कारण घर से बाहर नहीं निकल रहा था। आसपास के लोगों की हिम्मत मिलने के बाद वह शिकायत करने पहुंचे। पत्नी से प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कराने को लेकर रंजिश का आरोप राजेश ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया कि पूर्व चेयरमैन की मां वर्तमान में नगर पंचायत की अध्यक्ष हैं। वह अपनी मर्जी के प्रस्तावों पर उनकी पत्नी से जबरन हस्ताक्षर कराना चाहती हैं। इसका विरोध करने पर पूर्व चेयरमैन उनसे रंजिश मानने लगा। पीड़ित का आरोप है कि धमकी मिलने के बाद से पूर्व चेयरमैन के साथी लगातार उनकी गली में रेकी कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)