वृंदावन में 2 सराफा कारोबारियों के यहां 6 घंटे पूछताछ:मथुरा में आयकर विभाग की 10 से ज्यादा टीमें जांच में जुटीं
मथुरा में रियल एस्टेट कारोबारी और होटल व्यवसायियों के यहां शुक्रवार सुबह शुरू हुई आयकर विभाग की कार्रवाई 40 घंटे बाद भी जारी है। विभाग की 10 से ज्यादा टीमें शहर के अलग-अलग इलाकों में कारोबारियों और उनसे जुड़े लोगों के प्रतिष्ठानों पर वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही हैं। शनिवार को टीम वृंदावन के सराफा बाजार पहुंची और दो सराफा कारोबारियों से करीब 6 घंटे तक पूछताछ की। आयकर विभाग की कार्रवाई से मथुरा-वृंदावन के कारोबारियों में हलचल है। नोएडा से पहुंची अधिकारियों की एक टीम शनिवार को वृंदावन के सराफा बाजार स्थित आरएस ज्वेलर्स के प्रतिष्ठान पर पहुंची। टीम ने कारोबारी के प्रतिष्ठान और घर पर एक साथ जांच शुरू की। दो गाड़ियों से पहुंचे अधिकारी देर शाम तक कार्रवाई में जुटे रहे। सराफा बाजार में टीम पहुंचने से मचा हड़कंप पूछताछ के बाद कारोबारी के बुजुर्ग पिता के बयान दर्ज किए गए और उन्हें घर भेज दिया गया। इसके अलावा ज्वेलरी के साथ जमीन के कारोबार से जुड़े एक अन्य व्यवसायी से भी पूछताछ की गई। आयकर विभाग की टीमें पिछले दो दिनों से विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों और कारोबारियों से जुड़े परिसरों में सर्च कर रही हैं। इस दौरान मिले लेखा अभिलेखों, दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और कारोबारी विवरणों का मिलान किया जा रहा है। दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच रिकॉर्ड में जिन अन्य व्यक्तियों, फर्मों और संस्थाओं के नाम या लेनदेन का उल्लेख मिला है, उनसे भी जानकारी जुटाई जा रही है। संबंधित दस्तावेजों और कारोबारी लेनदेन का क्रॉस वेरिफिकेशन किया जा रहा है। फिलहाल विभाग की ओर से किसी बड़ी अघोषित आय या जब्ती के संबंध में आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। जांच और दस्तावेजों का सत्यापन जारी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही इसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)