गोरखपुर में यादव नेता को मिलेगी जिलाध्यक्ष की कमान:अपने कोर वोटर को साधने के लिए सपा प्रमुख का दांव
सपा 2027 में करो या मरो की तर्ज पर चुनाव लड़ने जा रही है। इसके लिए भाजपा के मतदाताओं में सेंध लगाने की तैयारी है। इसके लिए टिकट भी ऐसे लोगों को दिए जाएंगे, जिनके जीत की संभावना अधिक होगी व सामाजिक व जातिगत समीकरण उनके पक्ष में होगा। यह माना जा रहा है कि यादव नेताओं को टिकट कम मिलेंगे। यादव सपा के कोर वोटर हैं और उनकी नाराजगी से बचने के लिए संगठन में उन्हें तवज्जो दी जाएगी। इस बार फिर गोरखपुर में जिलाध्यक्ष पद की कमान यादव नेता को ही दी जाएगी। इसमें चर्चा में सबसे आगे चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के युवा का नाम है। वह जिला पंचायत सदस्य भी हैं। शिक्षक एमएलसी चुनाव से पहले हुए थप्पड़ कांड के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जिला एवं महानगर कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। निवर्तमान हो चुके दोनों जिलाध्यक्षों को प्रभारी के तौर पर काम करने को कहा गया है। सपा सूत्रों की मानें तो इस बीच नए जिलाध्यक्ष का नाम तय कर लिया गया है लेकिन अभी घोषित नहीं किया गया है। जो नाम चर्चा में सबसे आगे है, वह जिला कार्यकारिणी में जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। यादव नेताओं को खुश करने की जरूरत क्यों पड़ी गोरखपुर जिले की 9 विधानसभा सीटों में से 2 सुरक्षित हैं। अनारक्षित 7 विधानसभा सीटों में से लगभग 5 में यादव दावेदार मजबूती से अपना दावा प्रस्तुत कर रहे हैं। सपा के लिए इन यादव नेताओं से निपटना आसान नहीं होगा। पहले सपा का हाईकमान यह मानता था कि सत्ता के लिए यादव समाज के लोग जहां सपा होगी, वहां चले जाएंगे। लेकिन एक ट्रेंड यह भी देखा जा रहा है कि स्थानीय स्तर पर हर विधानसभा में यादव समाज के अलग-अलग नेता हैं। ऐसे में हर जगह यादव नेताओं को टिकट नहीं मिल सकता। लेकिन जो नेता लगातार तैयारी में जुटे हैं, उन्हें मनाना भी आसान नहीं होगा। कैंपियरगंज में दो यादव नेता आमने-सामने हैं। गोरखपुर ग्रामीण, चौरी चौरा, सहजनवा विधानसभा क्षेत्रों में भी कई दावेदार हैं। शिक्षक एमएलसी चुनाव के परिणाम के बाद सपा के नेताओं में भी इस बात की चिंता है कि वे दूसरी जाति के नेता को टिकट देकर उनकी जाति का वोट तो पा गए लेकिन कोर वोटर ही छिटक गए। ऐसे में बाहर से मतदाताओं को अपने साथ लाने के साथ ही सपा प्रमुख कोर मतदाताओं को साथ रखने पर भी फोकस कर रहे हैं। यही कारण है कि जिलाध्यक्ष पद पर यादव नेता को लाना लगभग तय है। इसके जरिए यह संदेश दिया जाएगा कि सपा अपने कोर मतदाताओं को पूरा तवज्जो दे रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)