मिर्जापुर में मासूम के हत्यारे का प्रयागराज कनेक्शन:6 महीने पहले हत्या-अपहरण में जमानत पर छूटा, बोला था-कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं

Nov 15, 2026 - 07:20
0
मिर्जापुर में मासूम के हत्यारे का प्रयागराज कनेक्शन:6 महीने पहले हत्या-अपहरण में जमानत पर छूटा, बोला था-कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं
मिर्जापुर में 12 साल के मासूम प्रिंस का अपहरण और हत्या करने के आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र का प्रयागराज कनेक्शन सामने आया है। वह 2020 में हंडिया के भी एक युवक के अपहरण और हत्या के मामले में जेल में बंद था और इसी साल 6 महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। चौंकाने वाली बात यह है कि जमानत याचिका में उसकी ओर से दावा किया गया था कि उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। जबकि उसके खिलाफ हंडिया के मुकदमे के अलावा 14 अन्य मुकदमे भी दर्ज थे। अब मिर्जापुर कांड के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। पांच साल जेल में रहने के बाद मिली थी जमानत पिंटू उर्फ शैलेंद्र पुत्र मातंबर मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के पडैनिया कामापुर गांव का निवासी है। उसके खिलाफ हंडिया थाने में वर्ष 2020 में विजय कुमार पाल नाम के युवक के अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। दरअसल, विजय विंध्याचल स्थित अपनी ससुराल गया था। वहां से उसका अपहरण करने के बाद हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उसकी पहली जमानत अर्जी 13 मार्च 2024 को पैरवी के अभाव में खारिज हो गई थी। इसके बाद उसने दूसरी जमानत अर्जी दाखिल की। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 20 मई 2026 को उसे जमानत दे दी। जमानत आदेश में दर्ज है कि आरोपी की ओर से दलील दी गई थी कि वह 10 अक्टूबर 2020 से जेल में बंद है और साढ़े पांच साल से अधिक समय से न्यायिक हिरासत में है। मुकदमे का ट्रायल लंबित होने और इसी मामले के दो सह-आरोपियों को जमानत मिलने का भी हवाला दिया गया। 14 मुकदमे दर्ज, फिर भी बताया- कोई क्रिमिनल हिस्ट्री नहीं जमानत अर्जी में आरोपी की ओर से स्पष्ट रूप से यह भी दलील दी गई थी कि उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। जबकि उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, हंडिया के अपहरण और हत्या के मुकदमे के अलावा उसके खिलाफ 14 अन्य मुकदमे पहले से दर्ज थे। इनमें हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध भी शामिल बताए जा रहे हैं। इस तरह साफ है कि जमानत की सुनवाई के दौरान अदालत के सामने आरोपी की क्रिमिनल हिस्ट्री को लेकर गलत जानकारी रखी गई थी। उठ रहे सवाल, क्यों नहीं लगाया गैंगस्टर गंभीर अपराधों में जेल जाने वाले आरोपियों की जमानत पर रिहाई के बाद उनकी गतिविधियों पर निगरानी भी अहम होती है। पिंटू के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज थे। ऐसे में उसकी रिहाई के बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी थी या नहीं, यह सवाल उठ रहा है। इसके अलावा बड़ा सवाला यह भी है कि उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई क्यों नहीं हुई। यह है पूरा मामला मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी केशव प्रसाद मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर बिहसड़ा इंटरमीडिएट कॉलेज के पास चाय-पान की दुकान चलाते हैं। पिंटू पिछले चार-पांच दिनों से उनकी दुकान पर आ रहा था। नौ नवंबर की शाम करीब चार बजे उसने केशव के 12 वर्षीय बेटे प्रिंस को बाइक सिखाने का झांसा दिया। वह बालक को बाइक पर आगे बैठाकर बिहसड़ा बाजार की ओर निकल गया। शाम को परिजनों ने पिंटू के मोबाइल पर फोन किया तो वह बंद मिला। देर रात तक प्रिंस का पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। अगले दिन आरोपी ने केशव के भांजे आदित्य के मोबाइल पर फोन कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। मुठभेड़ में दोनों पैरों में लगी थी गोली पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 11 नवंबर की रात लालगंज थाना क्षेत्र के कुशियरा फाल के जंगल में उसकी पुलिस से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अपहरण के बाद करीब दो घंटे तक वह प्रिंस को घुमाता रहा। इसके बाद जंगल में ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बालक का शव बरामद किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User