सहारनपुर में ट्रेडिंग में 1.50 लाख ठगे...FIR:5% मुनाफे का लालच दिया, दो-तीन महीने मुनाफा देने के बाद रकम लौटाना किया बंद

Nov 15, 2026 - 06:13
0
सहारनपुर में ट्रेडिंग में 1.50 लाख ठगे...FIR:5% मुनाफे का लालच दिया, दो-तीन महीने मुनाफा देने के बाद रकम लौटाना किया बंद
सहारनपुर में ट्रेडिंग में निवेश कराकर हर महीने 5 प्रतिशत मुनाफा देने और मूलधन सुरक्षित रहने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सदर बाजार थाने में मेहुल गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपी ने पहले कुछ महीनों तक निवेश की गई रकम पर मुनाफा दिया, लेकिन बाद में पैसे देने बंद कर दिए। पीड़ित ने जब अपनी मूल रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। थाना सदर बाजार क्षेत्र के नवादा रोड निवासी सुशील प्रभाकर पुत्र लेखराज प्रभाकर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मेहुल गुप्ता की देहरादून चौक पर बरकत राज ट्रेनिंग के नाम से फर्म चलती थी। आरोपी ट्रेडिंग का काम करता था। उसने निवेश के लिए उनसे संपर्क किया और भरोसा दिलाया कि यदि वे उसकी फर्म में पैसा लगाते हैं तो उन्हें हर महीने पांच प्रतिशत मुनाफा दिया जाएगा। साथ ही उनका मूलधन पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। बाजार में नुकसान होने की स्थिति में भी इसकी जिम्मेदारी आरोपी की होगी और निवेशकों को मूलधन के साथ पांच प्रतिशत मुनाफा मिलता रहेगा। साथियों के साथ मिलकर लगाया था पैसा शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी की बातों पर विश्वास करके उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी फर्म में कुल 1.50 लाख रुपये निवेश किए थे। शुरुआत में आरोपी ने दो से तीन महीने तक उन्हें निवेश पर मुनाफा भी दिया। इससे उन्हें भरोसा हो गया कि उनका पैसा सुरक्षित है और ट्रेडिंग के माध्यम से नियमित लाभ मिल रहा है। हालांकि, कुछ समय बाद आरोपी ने मुनाफे की रकम देना बंद कर दिया। इसके बाद जब उन्होंने आरोपी से अपनी निवेश की गई रकम वापस मांगी तो वह अलग-अलग बहाने बनाकर टालमटोल करने लगा। काफी प्रयास के बाद भी आरोपी ने उनकी रकम वापस नहीं की। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने निवेश के नाम पर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। मोहाली में भी लोगों को निवेश के नाम पर फंसाने का आरोप शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मेहुल गुप्ता अब चंडीगढ़ के मोहाली में ट्रेडिंग का काम कर रहा है। वहां भी वह युवाओं और अन्य लोगों को निवेश पर अच्छा मुनाफा देने का लालच देकर अपनी फर्म में पैसा लगाने के लिए प्रेरित कर रहा है। आरोप है कि लोग उसकी बातों में आकर कर्ज या ब्याज पर रकम लेकर निवेश कर देते हैं और बाद में आर्थिक संकट में फंस जाते हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही अन्य लोगों को भी इस तरह की कथित धोखाधड़ी से बचाने की मांग की है। उसने अपनी 1.50 लाख रुपये की रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। दो जनवरी 2024 की बताई गई घटना पुलिस रिकॉर्ड में शिकायतकर्ता से पूछताछ के दौरान घटना की तारीख 3 जनवरी 2024 बताई गई है। 13 नवंबर 2026 को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर सदर बाजार थाने में आरोपी मेहुल गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User