मिर्जापुर से 30 लोगों का दल गुजरात रवाना:राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होंगे, एडीजी ने महामना एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी
नक्सल मुक्त भारत की थीम पर गुजरात के एकता नगर में 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 में शामिल होने के लिए मिर्जापुर से 30 लोगों का दल रवाना हुआ। जिले से कुल 43 लोगों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन 30 लोग ही गुजरात जा रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में शांति, एकता और विकास का संदेश देना है। गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली समेत पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे जिलों के लोगों को आमंत्रित किया गया है। वाराणसी जोन से कुल 137 लोगों को गुजरात भेजने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा को राज्य नोडल अधिकारी और तीनों जिलों के जिलाधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सीओ सदर के नेतृत्व में रवाना हुआ दल मिर्जापुर से जाने वाले दल में सीओ सदर जटाशंकर मिश्र नोडल अधिकारी के रूप में शामिल हैं। उनके साथ निरीक्षक श्रीकांत पांडेय, मुख्य आरक्षी संगम कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी अमित कुमार मिश्रा और मझवां के नायब तहसीलदार पंकज कुमार समेत अन्य लोग रवाना हुए। वाराणसी जंक्शन पर किया गया सम्मान गुजरात जाने वाले आमंत्रितों के सम्मान में गुरुवार सुबह पांच बजे वाराणसी जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर नौ पर विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा ने आमंत्रितों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने एकता नगर महामना एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दो नवंबर को वापसी प्रस्तावित निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दल 29 अक्टूबर को वाराणसी से रवाना हुआ है। राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होने के बाद 31 अक्टूबर को एकता नगर से प्रस्थान और दो नवंबर को वापसी प्रस्तावित है। आमंत्रितों की सुरक्षा और समन्वय के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम भी साथ भेजी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)