यूपी की परिषदीय स्कूलों में 17 नवंबर से अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं:कक्षा 1 का मौखिक तो, कक्षा 2–8 तक 50 अंकों का होगा लिखित पेपर
उत्तर प्रदेश के परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2026-27 की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। कक्षा 1 से 8 तक की परीक्षाएं 17 नवंबर से शुरू होकर 21 नवंबर तक चलेंगी। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक निर्धारित की गई है। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, कक्षा 1 की अर्द्धवार्षिक परीक्षा मौखिक होगी। कक्षा 2 से 5 तक लिखित और मौखिक, दोनों तरह की परीक्षाएं होंगी। वहीं, कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा कराई जाएगी। जिले स्तर पर तैयार होंगे प्रश्नपत्र परीक्षा के लिए मॉडल प्रश्नपत्रों का निर्माण संबंधित जिले के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की ओर से किया जाएगा। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की देखरेख में प्रश्नपत्रों का समय से मुद्रण कराया जाएगा। विद्यालय स्तर पर प्रश्नपत्रों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 50 अंकों की होगी लिखित परीक्षा कक्षा 2 से 8 तक की लिखित अर्द्धवार्षिक परीक्षा 50 अंकों की होगी। प्रश्नपत्र में बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल किए जाएंगे। प्रश्नों का अंक विभाजन निर्धारित प्रारूप के अनुसार होगा। कक्षा 2 और 3 में अति लघु उत्तरीय प्रश्नों के उत्तर एक शब्द में, लघु उत्तरीय प्रश्नों के उत्तर अधिकतम 10 शब्दों में और दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों के उत्तर अधिकतम 20 शब्दों में देने होंगे। कक्षा 4 और 5 में उत्तरों की शब्द सीमा क्रमशः 1, 25 और 40 शब्द निर्धारित की गई है। कक्षा 6 से 8 तक उत्तरों की शब्द सीमा क्रमशः 1, 35 और 75 शब्द होगी। परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्देशों के मुताबिक, लिखित परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी। मौखिक परीक्षा का समय प्रधानाध्यापक आवश्यकता के अनुसार निर्धारित करेंगे। प्रश्नपत्र की छपाई एक पृष्ठ के दोनों तरफ कराई जाएगी। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, गुणवत्ता और उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। परीक्षा के बाद होगी उत्तर पुस्तिकाओं की जांच अर्द्धवार्षिक परीक्षा से संबंधित प्रश्नपत्रों, उत्तर पुस्तिकाओं और अन्य जरूरी अभिलेखों का विद्यालय स्तर पर सुरक्षित रखरखाव किया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद मूल्यांकन की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)