मकान-दुकान ढहाने के 14 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट:जमीन कब्जाने के लिए तीन जेसीबी से गिराए थे आधा दर्जन घर-दुकानें
अम्बेडकरनगर में अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बरियावन बाजार में तीन जेसीबी मशीनों से मकान और दुकानें ढहाने के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। शनिवार को मामले में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। 20 सितंबर की रात हुई इस घटना में करीब आधा दर्जन मकान और दुकानों को ध्वस्त करने का आरोप है। घटना के बाद से ही यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि जमीन पर कब्जे के इरादे से 50 से 60 लोग बरियावन बाजार पहुंचे थे। इसके बाद तीन जेसीबी मशीनों से मकान और दुकानों को ढहा दिया गया। घटना के दौरान इलाके में दहशत फैलने की बात भी सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की। इस दौरान तीन जेसीबी मशीनों को सीज किया गया। पुलिस अब तक मामले में नामजद 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में ये नाम शामिल पुलिस कार्रवाई के तहत जिन 14 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है, उनमें इंद्रजीत वर्मा, राहुल चौधरी, विशाल वर्मा, साजिद, बृजेश कुमार उर्फ बंटी वर्मा, कृपा राम वर्मा, संजय वर्मा, दिलीप कुमार उर्फ गोलू, सिकंदर यादव, राजीव वर्मा उर्फ लाठीराम, विनय वर्मा, अमित कुमार, युवराज और अमित वर्मा उर्फ सचिन शामिल हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद अब आरोपियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा और कसने की तैयारी है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों पर अंतिम फैसला न्यायालय की प्रक्रिया के तहत होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)