रामपुर में खेत में करंट लगने से किसान की मौत:कंबाइन पर चढ़कर ठीक कर रहे थे मशीन, छोटे भाई ने बचाने की कोशिश की
रामपुर के बिलासपुर के श्रीनगर गांव में शनिवार शाम धान की कटाई के दौरान हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से किसान कुलविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वह खेत में चल रही कंबाइन मशीन पर चढ़कर कुछ ठीक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गए। छोटे भाई ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। ब्लॉक क्षेत्र की शिवनगर ग्राम पंचायत के श्रीनगर गांव निवासी कुलविंदर सिंह शनिवार शाम अपने खेत में धान की कटाई करा रहे थे। कंबाइन उनका छोटा भाई गुरविंदर सिंह चला रहा था। इसी दौरान कुलविंदर मशीन के ऊपर चढ़कर कुछ ठीक करने लगे। तभी वह खेत के ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज लाइन के संपर्क में आ गए। छोटे भाई ने बचाने की कोशिश की बड़े भाई को करंट की चपेट में आया देखकर गुरविंदर सिंह ने शोर मचाया और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कुलविंदर सिंह की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ढीले तारों को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल ग्रामीणों का कहना है कि खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के तार ढीले होकर काफी नीचे लटक रहे हैं। उनके मुताबिक, कुलविंदर सिंह ने पहले भी इस समस्या की शिकायत की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते तारों को ऊंचा करने के लिए कदम उठाए जाते तो हादसे को टाला जा सकता था। हालांकि, विद्युत विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। परिवार में पत्नी और दो बेटे कुलविंदर सिंह के चाचा बलवीर सिंह ने बताया कि उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में मां, छोटा भाई, पत्नी और दो बेटे हैं। किसान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रविवार सुबह 10 बजे गांव में ही उनके शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)