MLC चुनाव: वोटर-लिस्ट की खामियों पर विधायक ने उठाए सवाल:घर से 10 किमी दूर पड़ा वोट, बोले- छह लोगों ने भरे फॉर्म, तीन के ही वोट बने

Oct 23, 2026 - 20:47
0
MLC चुनाव: वोटर-लिस्ट की खामियों पर विधायक ने उठाए सवाल:घर से 10 किमी दूर पड़ा वोट, बोले- छह लोगों ने भरे फॉर्म, तीन के ही वोट बने
शिक्षक एमएलसी चुनाव में वोटर लिस्ट और मतदान केंद्रों के आवंटन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा विधायक अमित अग्रवाल का मतदान केंद्र उनके घर से करीब 10 किलोमीटर दूर बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस पर विधायक ने भी चुनावी व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने वोटर लिस्ट में बड़ी खामियां होने और मतदाताओं के नाम अलग-अलग क्षेत्रों में दर्ज होने की बात कही। विधायक की नाराजगी ऐसे समय सामने आई है, जब चुनाव में पारदर्शिता और मतदाताओं की सुविधा को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां की गई थीं। कहीं 12 तो कहीं 16 किलोमीटर दूर पहुंचे मतदाता विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि वोटर लिस्ट में काफी खामियां हैं। कहीं एक मोहल्ले के मतदाताओं के मतदान केंद्र दूर-दूर बना दिए गए हैं, तो कहीं लोगों को 12 से 16 किलोमीटर तक जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वह राधा गार्डन क्षेत्र से आ रहे हैं, जहां वर्धमान एकेडमी में मतदान हो रहा है। इस क्षेत्र की मतदाता सूची में कंकरखेड़ा, मीनाक्षीपुरम, डिफेंस कॉलोनी और राधा गार्डन जैसे इलाके शामिल हैं, लेकिन लोगों के वोट अलग-अलग जगहों पर दर्ज हैं। विधायक ने कहा कि यह स्थिति माछरा और शोभापुर जैसे क्षेत्रों तक देखने को मिल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक ही क्षेत्र के मतदाता हैं, तो उनकी वोट अलग-अलग स्थानों पर दर्ज करने का क्या कारण है? उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि वह विजयनगर में रहते हैं, लेकिन उनका मतदान केंद्र शिवलोकपुरी-अंकुर विहार में बना दिया गया। उन्होंने इसे व्यवस्था की खामी बताया। छह लोगों ने भरे फॉर्म, तीन के ही वोट बने विधायक अमित अग्रवाल ने वोटर लिस्ट में नाम दर्ज होने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनके घर में छह वोट हैं और सभी छह लोगों ने फॉर्म भरे थे, लेकिन केवल तीन लोगों के ही वोट बने। उन्होंने कहा कि कई मतदाताओं के नाम सूची में नहीं आए हैं। ऐसे मामलों में संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। विधायक ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह इस मामले में शिकायत करेंगे। उन्होंने मांग की कि वोटर लिस्ट तैयार करने और नाम दर्ज करने में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कंप्यूटर फीडिंग और मतदाता सूची में नाम दर्ज करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। बैलेट पेपर से चुनाव का दिया हवाला विधायक अमित अग्रवाल ने ईवीएम को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जाने वाले आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता ईवीएम में गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोप लगाते हैं, जबकि अलग-अलग राज्यों में चुनाव जीतने पर उसी व्यवस्था से सरकारें भी बनती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव बैलेट पेपर से हो रहा है। ऐसे में यह चुनाव भी साबित करेगा कि जीत का आधार जनता का समर्थन है। उन्होंने कहा कि भाजपा पर ईवीएम के माध्यम से वोट चोरी करने के आरोप लगाए जाते हैं, लेकिन उनके अनुसार पार्टी जनता का विश्वास जीतकर चुनाव जीतती है। विधायक की ओर से वोटर लिस्ट और मतदान केंद्रों की व्यवस्था पर उठाए गए सवालों के बाद मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया और मतदान केंद्रों के आवंटन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि शिकायत किए जाने पर संबंधित विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User