कानपुर में 4 करोड़ से सुधरेंगी 50 सड़कें:12 साल से बदहाल मरियमपुर-कोकाकोला रोड अब बनेगी,रावतपुर-देवकी सड़क के गड्‌ढे जस के तस

Oct 23, 2026 - 21:53
0
कानपुर में 4 करोड़ से सुधरेंगी 50 सड़कें:12 साल से बदहाल मरियमपुर-कोकाकोला रोड अब बनेगी,रावतपुर-देवकी सड़क के गड्‌ढे जस के तस
कानपुर की बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। शहर की 50 सड़कों की मरम्मत और निर्माण के लिए शुक्रवार को टेंडर डाले गए। इन कार्यों पर करीब 4 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक हफ्ते के भीतर वर्कऑर्डर जारी कर काम शुरू कराने की तैयारी है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि जल्द ही वर्कआर्डर जारी करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, पहले से चल रहे कार्यों को तय समय में पूरा कराने को कहा है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। इन इलाकों में कराए जाएंगे काम नगर निगम की कार्ययोजना में कई प्रमुख इलाकों में सड़क सुधार के काम कराए जाने हैं। इनमें परेड चौराहे पर दयाराम स्वीट और रामलीला मैदान के पास पैचवर्क कराया जाना प्रस्तावित है। यशोदा नगर में सतबरी रोड से जय गुरुदेव प्रोविजन स्टोर होते हुए हर-हर महादेव गेस्ट हाउस तक सड़क पर पैचवर्क कराया जाना है। इसके अलावा जवाहर नगर में भी पैचवर्क कराया जाएगा, जबकि ईदगाह क्षेत्र में सड़क निर्माण का काम प्रस्तावित है। छबीलेपुरवा स्थित खुले कूड़ा अड्डे पर टिन शेड लगाने का कार्य भी कराया जाएगा। 12 साल बाद मरियमपुर-कोकाकोला चौराहे तक बनेगी सड़क मरियमपुर से कोकाकोला चौराहे तक बदहाल सड़क से गुजरने वाले लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। करीब 12 साल बाद इस मार्ग का नए सिरे से निर्माण कराया जा रहा है। नगर निगम इस सड़क पर लगभग 2 करोड़ रुपए खर्च करेगा। करीब 1,400 मीटर लंबी सड़क को खोदकर दोबारा बनाया जा रहा है। सड़क की मोटाई तीन इंच रखी जा रही है। इस सड़क से रोजाना गुजरने वाले करीब 50 हजार वाहन चालकों और आसपास के आधा दर्जन मोहल्लों के लोगों को राहत मिलेगी। कौशलपुरी, दर्शनपुरवा, मरियमपुर, फजलगंज, गुमटी नंबर पांच और लाजपत नगर के लोगों को भी राहत मिलेगी। इसके अलावा कोकाकोला चौराहे से गोविंद नगर और सर्वोदय नगर जाने वाले वाहन चालकों को भी गड्ढों से निजात मिलने की उम्मीद है। इस सड़क का निर्माण साल 2014 में कराया गया था। इसके बाद कई बार पैचवर्क किया गया, लेकिन पूरी सड़क का नए सिरे से निर्माण नहीं हो सका। लगातार खराब होती सड़क से वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। नगर निगम के अधिशासी अभियंता आरके सिंह ने बताया कि सड़क को खोदकर नए सिरे से बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। सीवर लाइन डालने के बाद धंस गई सड़क देवकी चौराहे से छपेड़ा पुलिया जाने वाले मार्ग की हालत भी खराब है। करीब 10 महीने पहले जल निगम ने इस सड़क पर सीवर लाइन डाली थी। इसके बाद मार्च में नगर निगम ने सड़क को चलने लायक बनाया, लेकिन बाद में सड़क फिर धंस गई। नाली चोक होने से खोदी गई सड़क पर पानी भरता है और गड्ढे बन जाते हैं। इससे दिनभर वाहन चालकों को परेशानी होती है। अब इस मार्ग पर करीब 70 लाख रुपए से सड़क निर्माण कराया जा रहा है। अधिशासी अभियंता आरके सिंह ने बताया कि एक हफ्ते में देवकी चौराहे से हरी हॉस्टल तक नाली सहित सड़क को दुरुस्त करने का टारगेट है। रावतपुर-देवकी चौराहे की सड़क पर अब तक नहीं भरे गड्ढे एक तरफ नगर निगम सड़कों को सुधारने की तैयारी कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ रावतपुर क्रॉसिंग से देवकी चौराहे तक की सड़क की बदहाली लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने 13 अक्टूबर को निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी को तीन दिन में सड़क को चलने लायक बनाने और गड्ढे भरने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद 10 दिन बीतने के बाद भी सड़क की हालत नहीं सुधरी। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को रोजाना जाम से जूझना पड़ रहा है। वाहनों के गुजरने से उड़ने वाली धूल ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों के लिए धूल के बीच सांस लेना तक मुश्किल हो रहा है। निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने जल निगम के कार्यों के कारण सड़क पर गड्ढे होने की जानकारी दी थी। इस सड़क को करीब 40 लाख रुपए से बनाने की योजना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User