मऊ में 16 नवंबर से स्व-गणना शुरू होगी:जनगणना-2027 के लिए स्कूलों में जागरूकता कक्षाएं चलेंगी
मऊ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों के साथ कार्ययोजना पर चर्चा की। बैठक में बताया गया कि स्व-गणना 16 से 30 नवंबर 2026 तक होगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकानों की सूची बनाएंगे और जनसंख्या की गणना करेंगे। 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का काम होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को समय पर प्रशिक्षण दिया जाए। उन्हें तय प्रपत्रों, गणना की प्रक्रिया और डिजिटल तरीके से आंकड़े जुटाने की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने स्व-गणना के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में जनगणना के महत्व और उपयोगिता पर विशेष जागरूकता कक्षाएं चलाने को कहा। हर स्कूल में एक शिक्षक को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा, ताकि विद्यार्थी, अभिभावक और स्थानीय लोग प्रक्रिया को समझ सकें। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों से विकास और जनकल्याणकारी योजनाएं बनाने और संसाधनों की बेहतर योजना तैयार करने में मदद मिलती है। इसलिए हर नागरिक की भागीदारी और सही जानकारी जरूरी है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, उपजिलाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रधानाध्यापक और शिक्षक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)