जालौन रोजगार मेले में 962 युवाओं का चयन:दयानंद वैदिक कॉलेज में 1510 युवाओं ने किया प्रतिभाग

Nov 02, 2026 - 16:54
0
जालौन रोजगार मेले में 962 युवाओं का चयन:दयानंद वैदिक कॉलेज में 1510 युवाओं ने किया प्रतिभाग
जालौन जनपद के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में सोमवार को बड़ी पहल की गई। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से दयानंद वैदिक कॉलेज के मुख्य परिसर में वृहद रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया गया। इसमें रोजगार पाने की उम्मीद लेकर पहुंचे 1510 युवाओं ने विभिन्न कंपनियों में अपनी प्रतिभा और योग्यता का प्रदर्शन किया। साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद नियोजक संस्थाओं ने 962 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया। बड़ी संख्या में युवाओं के चयन से रोजगार मेले में उत्साह का माहौल रहा। रोजगार मेले का शुभारंभ कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी, जिलाधिकारी समीर एवं मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह ने फीता काटकर किया। अतिथियों ने विभिन्न नियोजक संस्थाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी ली। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को अपनी प्रतिभा और योग्यता प्रदर्शित करने के साथ ही रोजगार हासिल करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। वहीं विधायक विनोद चतुर्वेदी ने युवाओं को कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने और उपलब्ध रोजगार के अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी समीर ने कहा कि वर्तमान दौर तकनीकी बदलाव और प्रतिस्पर्धा का है। ऐसे में युवाओं को परंपरागत शिक्षा के साथ कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान भी हासिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा शासन की रोजगारपरक योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप अवसरों का चयन कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेश चंद्र पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। जिला सेवायोजन अधिकारी आलोक मिश्र ने रोजगार मेले के उद्देश्यों और सेवायोजन विभाग की भूमिका की जानकारी देते हुए अभ्यर्थियों से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य डॉ. बाबूलाल तिवारी के प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, आईटीआई प्रधानाचार्य मानसिंह भारती सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा अभ्यर्थी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User