मऊ में 285 विकास कार्यों के टेंडर पर सवाल उठे:सभासद की शिकायत पर अपर आयुक्त ज्योति राय ने वार्डों में किया निरीक्षण

Nov 13, 2026 - 19:12
0
मऊ में 285 विकास कार्यों के टेंडर पर सवाल उठे:सभासद की शिकायत पर अपर आयुक्त ज्योति राय ने वार्डों में किया निरीक्षण
मऊ नगर पालिका में 285 विकास कार्यों के टेंडर और निर्माण में अनियमितता के आरोपों की जांच के लिए शुक्रवार शाम करीब 4 बजे मंडल स्तर की टीम पहुंची। अपर आयुक्त ज्योति राय ने रघुनाथपुरा समेत कई वार्डों में प्रस्तावित कामों का निरीक्षण किया। इस दौरान शिकायतकर्ता सभासद सत्य प्रकाश सिंह और संबंधित वार्डों के सभासद भी मौजूद रहे। सत्य प्रकाश सिंह का आरोप है कि टेंडर में कुछ ऐसे काम भी शामिल हैं, जिनकी जरूरत पहले ही पूरी हो चुकी है या जहां निर्माण पहले से मौजूद है। उन्होंने बताया कि पहले ऐसे तीन कामों की शिकायत की गई थी। कमिश्नर के आदेश पर जांच टीम गठित हुई। शुरुआती जांच में इन कामों पर आपत्तियां सामने आने के बाद संबंधित टेंडर रोक दिए गए। सिंह के मुताबिक, उन्होंने मांग की थी कि जांच सिर्फ तीन कामों तक सीमित न रहे, बल्कि सभी 285 कामों का बिंदुवार भौतिक सत्यापन किया जाए। इसी क्रम में शुक्रवार को ज्योति राय ने कई वार्डों में प्रस्तावित कामों की स्थिति देखी। सिंह ने कहा कि जांच में पांच से छह ऐसे काम सामने आने की आशंका है, जिनकी जरूरत और टेंडर प्रक्रिया पर सवाल हैं। रघुनाथपुरा में उस रास्ते का भी निरीक्षण किया गया, जहां पहले से आरसीसी सड़क बनी होने का दावा किया गया है। सिंह का आरोप है कि करीब 44 लाख रुपए के काम का टेंडर ऐसी जगह किया गया, जहां दोबारा निर्माण की जरूरत नहीं है। सभासद सत्य प्रकाश सिंह ने नगर पालिका के चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि आरोप गलत साबित होने पर शिकायतकर्ताओं के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, अनियमितता प्रमाणित होने पर संबंधित लोगों से धनराशि की रिकवरी कर कानूनी कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ज्योति राय सवालों से बचती नजर आईं। फिलहाल जांच के अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि विकास कार्यों के टेंडर में अनियमितता हुई है या नहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User