मतदाता सूची में अपात्रों के नाम जोड़ने पर होगी कार्रवाई:डीएम गोंडा ने कहा- छूटे और नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएं
गोंडा के मतदाता सूची में संख्या बढ़ाने के लिए किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम न जोड़ा जाए। वहीं, किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से छूटना नहीं चाहिए। इसमें लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश बुधवार दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम रमेश रंजन ने दिए। डीएम की अध्यक्षता में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। डीएम ने कहा- जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची त्रुटिरहित तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिन वास्तविक मतदाताओं के नाम किसी कारण से कट गए हैं या जो युवा पहली बार मतदाता बने हैं, उनके नाम सूची में जरूर शामिल किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी तहसील या विधानसभा क्षेत्र से गलत नाम जोड़े जाने की शिकायत मिलती है तो जांच कराई जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। BLA के माध्यम से नए मतदाताओं के भरवाएं फॉर्म-6 डीएम ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से अधिक से अधिक नए मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में मिलने वाले सभी दावों और आपत्तियों का पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बूथों पर लगने वाले कैंपों के बारे में भी लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र मतदाता अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकें। बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि BLA के माध्यम से छूटे हुए और नए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही गलत नाम शामिल होने से रोकने में भी सहयोग किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)