नगर-निगम जूता कांड में पार्षद ने कमिश्नर से की शिकायत:कानपुर में स्मारक विवाद में कौशल मिश्रा के समर्थन में उतरा पार्षद दल

Nov 25, 2026 - 16:16
0
नगर-निगम जूता कांड में पार्षद ने कमिश्नर से की शिकायत:कानपुर में स्मारक विवाद में कौशल मिश्रा के समर्थन में उतरा पार्षद दल
केशवपुरम स्थित पृथ्वीराज चौहान स्मारक और सिलेंडर चौराहे को हटाने का विवाद अब नगर निगम से निकलकर पुलिस तक पहुंच गया है। महापौर कार्यालय में भाजपा पार्षद कौशल मिश्रा के साथ गाली-गलौज और जूता उतारकर मारने की कोशिश के आरोप को लेकर बुधवार को पार्षद दल उनके समर्थन में उतर आया। पार्षद कौशल मिश्रा के साथ पार्षद दल के नेता नवीन पंडित, धीरू त्रिपाठी, अकील शानू समेत कई पार्षद पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से शिकायत करने पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस कमिश्नर ने स्वरूप नगर पुलिस को मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस कमिश्नर से की शिकायत वार्ड-54 विनायकपुर के भाजपा पार्षद कौशल कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया कि 18 नवंबर को नगर निगम स्थित महापौर कार्यालय में उनके साथ गाली-गलौज की गई। इतना ही नहीं, एक युवक ने उन्हें मारने के लिए जूता तक उतार लिया। उस समय कार्यालय में महापौर और पार्षद पवन पांडेय, रामनारायण और नगर निगम के अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। इन लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। महापौर कार्यालय में चौराहे को लेकर हो रही थी चर्चा पुलिस कमिश्नर को दिए गए शिकायती पत्र पार्षद कौशल मिश्रा ने बताया कि रोज की तरह नगर निगम पहुंचे थे। इसके बाद वह महापौर कार्यालय में उनसे मिलने गए थे। वहां पहले से कुछ लोग केशवपुरम स्थित सिलेंडर चौराहे के नामकरण, मूर्ति स्थापना और वहां बनी पुरानी संरचना को गिराए जाने को लेकर चर्चा कर रहे थे। सिलेंडर चौराहा उनके वार्ड क्षेत्र से जुड़ा है, इसलिए कौशल मिश्रा भी चर्चा करने लगे। उन्होंने महापौर और वहां मौजूद लोगों को बताया कि चौराहे की संरचना गिराने या नामकरण के मामले में उनकी कोई भूमिका नहीं है। इस संबंध में नगर निगम से निष्पक्ष जांच कराई जा सकती है। जांच के बाद ही नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। सफाई देने पर भड़के युवक ने उतारा जूता कौशल मिश्रा का आरोप है कि इसी दौरान शिवकटरा निवासी शैलेंद्र सिंह भदौरिया भड़क गए। उन्होंने चौराहे की संरचना तुड़वाने और नामकरण का विरोध करने का आरोप लगाते हुए उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। जब उन्होंने अपनी भूमिका से इनकार करते हुए जांच कराने की बात दोहराई तो शैलेंद्र सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि शैलेंद्र सिंह ने मारने के लिए पैर से जूता उतार लिया था। कार्यालय में मौजूद अन्य पार्षदों और कर्मचारियों ने तत्काल बीच-बचाव किया। इससे मामला आगे बढ़ने से रुक गया। कौशल मिश्रा का कहना है कि अगर मौके पर मौजूद लोग हस्तक्षेप नहीं करते तो उनके साथ कोई घटना हो सकती थी। चार-पांच दिन समझौते का इंतजार किया घटना के तुरंत बाद पुलिस में शिकायत न करने के सवाल पर पार्षद कौशल मिश्रा ने बताया कि मामला राजनीतिक और आपसी विवाद से जुड़ा था। इसलिए उन्होंने चार-पांच दिन तक इंतजार किया कि दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोई पहल हो जाए। लेकिन आरोप है कि दूसरे पक्ष की ओर से लगातार धमकी दी जा रही हैं, जिसके बाद अब पुलिस कमिश्नर से शिकायत करने पहुंचे हैं। पार्षद दल ने भी जताया विरोध पार्षद कौशल मिश्रा के साथ पार्षद दल के नेता नवीन पंडित, धीरू त्रिपाठी, अकील शानू समेत अन्य पार्षद पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से मिलने पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए पार्षद के साथ हुई अभद्रता पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस कमिश्नर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए स्वरूप नगर पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि शिकायत की जांच कर दोषी पाए जाने पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए। स्मारक और चौराहे को हटाने से शुरू हुआ विवाद केशवपुरम में पृथ्वीराज चौहान स्मारक और सिलेंडर चौराहे की संरचना हटाए जाने को लेकर पिछले दिनों विरोध हुआ था। इसे लेकर कुछ लोग नगर निगम पहुंचे थे और महापौर कार्यालय में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी। इसी दौरान पार्षद कौशल मिश्रा और शैलेंद्र सिंह भदौरिया के बीच कहासुनी हुई थी। अब यह विवाद पुलिस तक पहुंचने के साथ नगर निगम के पार्षदों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User