मथुरा में 2 नवंबर से यातायात माह शुरू होगा:ट्रैफिक पुलिस ने 2 दिन पहले चेकिंग कर नियम तोड़ने वालों के चालान काटे
मथुरा में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए 2 नवंबर से यातायात माह शुरू होगा। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं, नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान और अन्य कार्रवाई भी की जाएगी। यातायात माह की तैयारियों के तहत शनिवार को भूतेश्वर चौराहे के पास पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और बिना सीट बेल्ट लगाए कार चलाने वालों को रोककर चालान काटे गए। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी। धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड से होगा शुभारंभ यातायात उपनिरीक्षक (टीएसआई) शौर्य कुमार ने बताया कि यातायात माह का शुभारंभ 2 नवंबर को धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड से किया जाएगा। पूरे महीने शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल के साथ यातायात के दूसरे नियमों की जानकारी दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और नियमानुसार कार्रवाई होगी। इसका उद्देश्य सड़क पर अनुशासन बनाए रखने के साथ दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)