महिलाओं को नशीला पदार्थ सुंघाकर गहने चुराने वाला गैंग पकड़ाया:गिरोह का नेटवर्क दिल्ली-हरियाणा और उत्तराखंड तक फैला था
उन्नाव में बाजार से घर लौट रही महिलाओं को बातों में उलझाकर उनके गहने चुराने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बांगरमऊ पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने शनिवार को बांगरमऊ-बिल्हौर मार्ग पर कल्याणी नदी पुल के पास चार पुरुषों और एक महिला को पकड़ा। आरोपियों के पास से सोने की दो चेन, तीन अंगूठियां, दो मंगलसूत्र या पेंडल और कान के चार आभूषण बरामद हुए हैं। शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी ने बताया कि बरामद गहने उन्नाव और फर्रुखाबाद में टप्पेबाजी की तीन घटनाओं से जुड़े हैं। महिलाओं को बातों में उलझाकर चुराते थे गहने पुलिस के मुताबिक, गिरोह महिलाओं को निशाना बनाता था। आरोपी अपने साथ एक महिला रखते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। वे महिलाओं को बातचीत में उलझाकर और बहलाकर उनके गहने चुरा लेते थे। बांगरमऊ में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बैंक की सीढ़ियों के पास महिला को बनाया था निशाना ग्राम छोटी जमुनिहा बंगर निवासी छेदाना उर्फ कुसमा ने 28 अक्टूबर को बांगरमऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर को बांगरमऊ बाजार से घर लौटते समय बैंक ऑफ इंडिया की सीढ़ियों के पास एक महिला और तीन पुरुष उनके पीछे लग गए। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने उन्हें बातों में उलझाया और नशीला पदार्थ सुंघाया। इसके बाद उनके हाथ से तीन अंगूठियां और पर्स में रखी सोने की चेन व पेंडल निकाल लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं आरोपी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरीश उर्फ कालिया, रवि राठौर, प्रेम राठौर, प्रेम सोलंकी और देवी उर्फ गुड़िया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बांगरमऊ के अलावा उन्नाव सदर कोतवाली और फर्रुखाबाद में टप्पेबाजी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड में भी दर्ज हैं मुकदमे पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कुछ आरोपियों के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अन्य जिलों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। इसके लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)