मथुरा में 54 भाजपा नेताओं ने 5 घंटे किया मंथन:केशव बोले- फिर कमल खिलाएंगे, कृष्ण मंदिर बनवाएंगे
मथुरा के परखम स्थित गौ ग्राम में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश योजना बैठक सोमवार को शुरू हुई। पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष समेत प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के 54 पदाधिकारियों ने करीब 5 घंटे तक मंथन किया। बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की स्थिति और कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने पर चर्चा हुई। बैठक में संगठन की कमजोरियों, विधान परिषद चुनाव में प्रदर्शन और प्रदेश में अफसरशाही के मुद्दे भी उठे। पार्टी नेताओं ने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार किया। मथुरा में हुई इस बैठक को भाजपा के 2027 के चुनावी अभियान की शुरुआत माना जा रहा है। अशोक सिंघल सभागार में 54 पदाधिकारियों का जुटान सोमवार दोपहर 2 बजे परखम स्थित गौ ग्राम के स्वर्गीय अशोक सिंघल सभागार में बैठक शुरू हुई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक शामिल हुए। इसके अलावा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, हरियाणा की प्रभारी स्मृति ईरानी समेत 54 पदाधिकारी बैठक में मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत वंदे मातरम के साथ हुई। कार्यकर्ताओं की नाराजगी और अफसरशाही पर चर्चा बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई। सूत्रों के मुताबिक, कार्यकर्ताओं की नाराजगी, वरिष्ठ पदाधिकारियों की निष्क्रियता और विधान परिषद चुनाव में कमजोर प्रदर्शन का मुद्दा उठा। प्रदेश में अफसरशाही के हावी होने और UGC से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, बूथ सशक्तिकरण और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने पर जोर दिया गया। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति भी बनी। केशव बोले- फिर कमल खिलाएंगे, कृष्ण मंदिर बनवाएंगे बैठक के बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रेस को ब्रीफ किया। उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव सिर्फ सत्ता का चुनाव नहीं, बल्कि आस्था और विकास का चुनाव होगा। उन्होंने कहा, अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बना है। उसी तरह मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर बनेगा। इसके लिए न्यायिक रास्ता अपनाना पड़े या आपसी बातचीत से समाधान निकालना पड़े, भाजपा पीछे नहीं हटेगी। केशव मौर्य ने अखिलेश यादव को भी साथ आकर कारसेवा करने का खुला न्योता दिया। उन्होंने कहा, 'फिर कमल खिलाएंगे, कृष्ण मंदिर बनवाएंगे।' दावा किया कि भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। PDA पर अखिलेश को घेरा, माफी मांगने की मांग केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले को पूरी तरह फेल बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी न पिछड़ों की है और न दलितों की। दलित सम्मेलन में दलितों को मूर्ख कहना सिर्फ दलितों का ही नहीं, बल्कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का भी अपमान है। इसके लिए अखिलेश यादव को माफी मांगनी चाहिए। बोले- गुंडागर्दी और माफिया राज खत्म करना लक्ष्य उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार का लक्ष्य गुंडागर्दी, अपराध और माफिया राज को जड़ से खत्म करना है। विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित उत्तर प्रदेश बनाना सरकार की प्राथमिकता है। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य था, लेकिन अब स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में प्रदेश ने बेहतर स्थिति हासिल की है। आज दूसरे दिन शामिल होंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा की दो दिवसीय योजना बैठक मंगलवार को भी जारी रहेगी। दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मथुरा पहुंचकर बैठक में शामिल होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)