मुजफ्फरनगर में बमबारी से ध्वस्त इमारत से घायलों को निकाला:आग में फंसे लोगों को बचाया, अस्पताल पहुंचाने के लिए बनाया गया ग्रीन जोन

Nov 22, 2026 - 20:23
0
मुजफ्फरनगर में बमबारी से ध्वस्त इमारत से घायलों को निकाला:आग में फंसे लोगों को बचाया, अस्पताल पहुंचाने के लिए बनाया गया ग्रीन जोन
मुजफ्फरनगर में हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियां परखने के लिए रविवार को पुलिस लाइन परिसर में मॉकड्रिल आयोजित की गई। शाम छह बजे हवाई हमले की चेतावनी का सायरन बजते ही ब्लैकआउट का अभ्यास शुरू कराया गया। इसमें पुलिस, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न विभागों की टीमों ने हिस्सा लिया। अभ्यास में चेतावनी जारी होने से लेकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और घायलों को अस्पताल ले जाने तक की प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास किया गया। दो मिनट तक बजा सायरन, कराई गई ब्लैकआउट की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम छह बजे हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए सायरन बजाया गया। दो मिनट तक ऊंची और धीमी आवाज में सायरन बजाकर आपात स्थिति का संकेत दिया गया। इसके बाद निर्धारित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट कराया गया। इस दौरान नागरिकों को सुरक्षित स्थानों और शेल्टरों में शरण लेने की प्रक्रिया समझाई गई, ताकि वास्तविक आपात स्थिति में लोग घबराने के बजाय सुरक्षा के तय उपाय अपना सकें। ऑल क्लियर सायरन के बाद शुरू हुआ राहत-बचाव अभियान हवाई हमले का खतरा समाप्त होने का संकेत देने के लिए दो मिनट तक ऊंची आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया गया। इसके बाद राहत और बचाव अभियान का अभ्यास शुरू हुआ। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से छोटी आग बुझाने का प्रदर्शन किया। वहीं, बड़ी आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम ने फायर टेंडर वाहन से आग बुझाने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया। आग में फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया मॉकड्रिल में क्षतिग्रस्त और ध्वस्त भवनों में आग के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया भी दिखाई गई। बचाव के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार देने का अभ्यास कराया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया भी दिखाई गई। इस दौरान अलग-अलग विभागों की टीमों ने आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। कई विभागों की टीमों ने लिया हिस्सा अभ्यास में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के साथ पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, आपूर्ति विभाग, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें शामिल रहीं। सभी विभागों ने अपनी तय जिम्मेदारियों के अनुसार राहत और बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास किया। मॉकड्रिल के अंतिम चरण में अभ्यास समाप्त होने की घोषणा की गई। प्रशासन का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी तालमेल और राहत-बचाव कार्यों की क्षमता को परखना है, ताकि वास्तविक संकट के समय कम से कम समय में प्रभावी कार्रवाई की जा सके। इस दौरान SDM राहुल देव भट्ट, CFO अनुराग कुमार, पूर्ति विभाग से क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अमित यादव, पूर्ति निरीक्षक राजेश चौधरी, असिस्टेंट जिला विद्यालय निरीक्षक आशीष द्विवेदी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नू, आपदा सहायक नासिर हुसैन, गुलफाम अहमद, अकाउंटेंट प्रिंस और प्रवेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User