मुरादाबाद में जल निकासी देखने निकले DM-SSP और नगर आयुक्त:बारिश के बीच शहर की सड़कों पर छाता लगाकर घूमे आला अफसर
जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते आम जनजीवन प्रभावित न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। रविवार को जिलाधिकारी अनुनय झा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल और नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक के साथ शहर के विभिन्न जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों का तूफानी दौरा किया। इस दौरान अफसरों ने जल निकासी, निर्बाध बिजली आपूर्ति, यातायात और चौक-चौराहों की प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से स्थलीय निरीक्षण किया। बुद्धि विहार समवेल और गागन नदी आउटलेट का लिया जायजा
निरीक्षण की शुरुआत में जिलाधिकारी ने सबसे पहले बुद्धि विहार क्षेत्र में नगर निगम द्वारा संचालित समवेल (जल निकासी केंद्र) का रुख किया। समवेल पूरी तरह चालू हालत में पाया गया। डीएम ने अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार और अजीत कुमार से जलभराव की स्थिति में समवेल की क्षमता और आउटलेट के बारे में विस्तृत रिपोर्ट ली। इसके बाद प्रशासनिक अमला दिल्ली रोड स्थित गागन नदी पहुँचा, जहाँ मुख्य नाले से पानी का बहाव सुचारू रूप से आउटलेट होता मिला। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख नालों और जल निकासी बिंदुओं की 24 घंटे नियमित निगरानी की जाए। लापरवाही पर मिलेगी सजा, जलभराव होते ही तत्काल एक्शन के निर्देश
जिलाधिकारी अनुनय झा ने नगर निगम के अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देशित किया कि शहर के किसी भी वार्ड में जलभराव की स्थिति लंबे समय तक नहीं रहनी चाहिए। जहाँ भी पानी जमा होने की सूचना मिले, वहाँ तत्काल टीम भेजकर सक्शन मशीनों और अन्य संसाधनों के जरिए पानी निकाला जाए। पीटीसी विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण
जल निकासी के बाद जिलाधिकारी पीटीसी विद्युत उपकेंद्र पहुँचे। उन्होंने अधीक्षण अभियंता (नगरीय) प्रशांत कुमार से उपकेंद्र के लोड और उपभोक्ताओं की संख्या की जानकारी ली। डीएम ने बिजली विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश और खराब मौसम के बावजूद शहर की विद्युत आपूर्ति को सुचारू रखा जाए और फाल्ट होने की स्थिति में तत्काल मरम्मत कर आमजन को निर्बाध बिजली दी जाए। इस अहम निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) अंकुर श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट युवराज सिंह सहित लोक निर्माण, नगर निगम और विद्युत विभाग के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)