NH-233 के प्रभावित किसान गडकरी से मांगेंगे बकाया ब्याज:जौनपुर में DM को ज्ञापन देकर कहा, मंत्री से मिलकर सामने रखेंगे समस्या

Nov 02, 2026 - 15:50
0
NH-233 के प्रभावित किसान गडकरी से मांगेंगे बकाया ब्याज:जौनपुर में DM को ज्ञापन देकर कहा, मंत्री से मिलकर सामने रखेंगे समस्या
जौनपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रस्तावित दौरे पर NH-233 से प्रभावित किसान उनसे मिलना चाहते हैं। पूर्वांचल किसान संगठन ने सोमवार दोपहर 1:30 बजे किसानों की समस्याएं रखने की तैयारी की है। संगठन ने जिलाधिकारी को पत्र देकर प्रतिनिधिमंडल और प्रभावित किसानों को मुलाकात की अनुमति दिलाने की मांग की है। संगठन ने पत्र में कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-233 के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे का ब्याज करीब चार हजार किसानों को वर्षों से नहीं मिला है। उसने लंबित ब्याज का भुगतान कराने की मांग की है। संगठन ने अधूरी सड़क पर बेरही टोल प्लाजा से हो रही वसूली बंद कराने की मांग भी की है। पत्र में अजगरा विधायक त्रिभुवन राम के 30 सितंबर 2026 के वीडियो का हवाला दिया गया है। संगठन के मुताबिक, विधायक ने वीडियो में मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से टोल प्लाजा स्थगित करने के फैसले की जानकारी दी थी। इसके बावजूद टोल वसूली जारी है। संगठन ने पूछा है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन क्यों नहीं हो रहा है। किसानों ने अधूरी सड़क पर हो रहे हादसों को रोकने, स्थानीय लोगों की सुरक्षा और आने-जाने की व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने जमीन के मुआवजे के निर्धारण में कथित भेदभाव और गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने की बात भी कही है। संगठन का आरोप है कि जिन किसानों की जमीन को पहले दो बार मुआवजा तय करते समय मुख्य मार्ग पर माना गया था, अब उन्हीं जमीनों के बीच नाली या ग्राम समाज की जमीन दिखाकर उन्हें मुख्य मार्ग से दूर बताया जा रहा है। इससे मुआवजे की रकम आधी होने की स्थिति बन रही है। संगठन ने जांच कर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पूर्वांचल किसान संगठन ने जिलाधिकारी से कहा है कि मंत्री के दौरे पर किसानों के प्रतिनिधिमंडल को तय समय और जगह पर उनसे मिलने की अनुमति दिलाई जाए, ताकि वे अपनी समस्याएं सीधे उनके सामने रख सकें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User