नोएडा के सिटी लॉजिस्टिक प्लान को मंजूरी:शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट, माल ढुलाई की व्यवस्था होगी बेहतर, ट्रैफिक जाम और प्रदूषण होगा कम
शहर में मालवाहक वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित करने के लिए प्राधिकरण बोर्ड ने तैयार सिटी लॉजिस्टिक प्लान (सीएलपी) की अंतिम रिपोर्ट को मंजूरी दे दी गई है। नोएडा प्राधिकरण ने रिपोर्ट को शासन की स्वीकृति के लिए भेजने का निर्णय लिया है। योजना के तहत औद्योगिक और वाणिज्यिक गतिविधियों, माल परिवहन, यातायात प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े बुनियादी ढांचे का समग्र अध्ययन कर शहर की जरूरतों के अनुसार कार्ययोजना तैयार की गई है। सिटी लॉजिस्टिक प्लान का उद्देश्य शहर में माल की ढुलाई और वितरण को अधिक सुगम बनाना है। इसके लागू होने से लॉजिस्टिक्स की लागत कम करने, यातायात जाम से राहत दिलाने और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को घटाने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित विभागों, औद्योगिक इकाइयों और परिवहन संचालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। मालवाहक वाहनों की आवाजाही होगी व्यवस्थित
योजना तैयार करने के दौरान शहर की आउटर और इनर सड़कों, प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों तथा औद्योगिक क्षेत्रों में मालवाहक वाहनों की आवाजाही का अध्ययन किया गया है। अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों में माल ढुलाई के लिए पहुंचने वाले वाहनों और एनसीआर के दूसरे जिलों से नोएडा आने वाले ट्रकों की आवाजाही के आंकड़ों को भी शामिल किया गया है। इसका मकसद माल परिवहन की जरूरतों के अनुरूप सड़क नेटवर्क और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को बेहतर बनाना है। व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
प्राधिकरण के अनुसार, योजना से माल परिवहन और वितरण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी। इससे उद्योगों और कारोबारियों को माल की आवाजाही में सुविधा मिलने के साथ लॉजिस्टिक्स संबंधी खर्च कम करने में मदद मिल सकती है। संबंधित विभागों और परिवहन संचालकों के बीच समन्वय से शहर में माल ढुलाई की व्यवस्था बेहतर बनाने और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की योजना है। 25 राज्यों के 100 शहरों में बनना है प्लान
केंद्र सरकार ने देश के 25 राज्यों के 100 से अधिक शहरों में सिटी लॉजिस्टिक प्लान तैयार करने की पहल की है। उत्तर प्रदेश से नोएडा के अलावा वाराणसी और मुरादाबाद को भी इसमें शामिल किया गया है। अब नोएडा की अंतिम रिपोर्ट को शासन की मंजूरी के लिए भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)