फतेहपुर में 4 सड़क हादसों में चार की मौत:हादसे में आठ लोग घायल, गंभीर घायलों को कानपुर मेडिकल कॉलेज भेजा
फतेहपुर में 24 घंटे के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। हादसे सदर कोतवाली, असोथर, जाफरगंज, कल्याणपुर और सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्रों में हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। हाईवे पर सड़क पार कर रहे युवक को वाहन ने मारी टक्कर सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 5:40 बजे आरटीओ ऑफिस से दो मीटर दूर हाईवे पर सड़क पार कर रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। समाजसेवी अशोक तपस्वी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन चालक की तलाश कर रही है। बाइक खंती में घुसी, एक की मौत; दो घायल असोथर थाना क्षेत्र में जरौली गांव मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर खंती में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार 45 वर्षीय राजू रैदास की मौत हो गई, जबकि मैकू निषाद (40) और उत्तम निषाद (35) घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाइक पलटने से दो युवक घायल जाफरगंज थाना क्षेत्र के पांडेपुर मोड़ के पास कृपालपुर निवासी प्रदीप (25) और वीर सिंह (15) की बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हाइड्रा की टक्कर से साइकिल सवार घायल इसी थाना क्षेत्र के ईटरा गांव के पास ईंट-भट्ठे पर मुंशी का काम करने वाले नरेश पटेल (38) साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइड्रा ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गए। कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बक्सर पुल मोड़ के पास बेकाबू कार ने चंद्रिका मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में नीरज (48) और उनकी पत्नी विभा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार डिवाइडर से जा टकराई और क्षतिग्रस्त हो गई। लोडर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत सोमवार देर रात सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज के पास तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में मोहम्मद मोनू (25) पुत्र खलील और राजा पासवान (22) की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)