फतेहपुर में खंती में गिरी बाइक, एक की मौत, 2घायल:गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर, शव देख बेहोश हुई पत्नी
फतेहपुर में असोथर बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे बाइक सवार तीन लोग जरौली गांव के पास हादसे का शिकार हो गए। पानी की टंकी से पहले मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी। हादसे में जरौली निवासी राजू रैदास (45) की मौत हो गई, जबकि मैकू निषाद (40) और उत्तम निषाद (35) घायल हो गए। मैकू की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, जरौली गांव निवासी राजू रैदास पुत्र स्वर्गीय मतु, मैकू निषाद पुत्र शिवबहादुर और उत्तम निषाद पुत्र पुतानी बाइक से असोथर बाजार खरीदारी करने आए थे। तीनों खरीदारी के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान जरौली पानी की टंकी से पहले मोड़ पर बाइक अनियंत्रित हो गई और खंती में जा गिरी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर जरौली चौकी प्रभारी राकेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को खंती से बाहर निकलवाया और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायखालिस पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने राजू रैदास को मृत घोषित कर दिया। मैकू को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि उत्तम का उपचार किया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देखिए 3 तस्वीरें- नहीं हो सकी बाइक चालक की पहचान चौकी प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि तीनों लोग असोथर बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर खंती में गिर गई। हादसे में तीनों के बेहोश होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि बाइक कौन चला रहा था। हादसे के समय किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। दो बीघा खेती और मजदूरी से चलता था परिवार राजू रैदास के पास महज दो बीघा खेती थी। वह खेती और मजदूरी करके पत्नी बीना देवी और सात बच्चों का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी बीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। राजू के सात बच्चों में सबसे बड़ी बेटी मनीषा (22) की शादी हो चुकी है। इसके अलावा नेहा (18), सनी (16), आशीष (14), शिवम (12), वर्षा (10) और चांदनी (8) हैं। पति की मौत के बाद बीना देवी के सामने बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। वह बार-बार यही कहकर बिलख रही हैं कि अब बच्चों का सहारा कौन बनेगा और बेटी की शादी कैसे होगी। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)