कानपुर में अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड ट्रैक जमीन के पेच में फंसा:92 प्रतिशत अधिग्रहण के बाद भी शुरू नहीं हुआ निर्माण

Nov 10, 2026 - 12:20
0
कानपुर में अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड ट्रैक जमीन के पेच में फंसा:92 प्रतिशत अधिग्रहण के बाद भी शुरू नहीं हुआ निर्माण
कानपुर में जीटी रोड पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने वाली अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड रेल ट्रैक परियोजना जमीन अधिग्रहण के फेर में फंस गई है। करीब 15.5 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट के लिए 92 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण पूरा होने का दावा है, लेकिन 8 प्रतिशत जमीन नहीं मिलने से निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिन हिस्सों की जमीन रेलवे को मिल चुकी है, वहां भी अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। करीब 400 पिलर पर बनने वाले इस एलिवेटेड ट्रैक का इंतजार शहरवासी पिछले कई सालों से कर रहे हैं। रेलवे-जिला प्रशासन के बीच नहीं बन पा रही सहमति परियोजना को लेकर रेलवे और जिला प्रशासन के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। जिला प्रशासन का कहना है कि जितनी जमीन उपलब्ध हो चुकी है, उस पर रेलवे को निर्माण शुरू कर देना चाहिए। वहीं, रेलवे का तर्क है कि जब तक पूरे ट्रैक के लिए जरूरी जमीन उपलब्ध नहीं होगी, तब तक निर्माण शुरू करना व्यावहारिक नहीं है। दोनों विभागों के अपने-अपने तर्कों के बीच परियोजना की रफ्तार थम गई है। मंधना की ओर जमीन का पेच बरकरार एलिवेटेड ट्रैक के मंधना वाले हिस्से में कुछ जमीनों का अधिग्रहण अब तक पूरा नहीं हो पाया है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की जमीन को लेकर एनओसी का मामला भी लंबित है। इसी वजह से परियोजना के लिए जरूरी जमीन रेलवे को पूरी तरह हस्तांतरित नहीं हो सकी है। प्रशासन का दावा है कि जमीन अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है। बची हुई जमीन और एनओसी के लिए संबंधित विभागों से लगातार पत्राचार किया जा रहा है। रेलवे की दो टूक- पूरी जमीन मिले, तभी शुरू होगा काम इज्जतनगर रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन के मुताबिक, परियोजना के लिए कुछ जमीनों का अधिग्रहण अभी बाकी है। जिला प्रशासन से लगातार जमीन उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है। पूरी जमीन अधिग्रहीत होने के बाद ही निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। फिलहाल अनवरगंज-मंधना रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन पहले की तरह जारी है। प्रशासन बोला- 92% जमीन का अधिग्रहण पूरा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि एलिवेटेड ट्रैक के लिए करीब 92 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है। रेलवे को उपलब्ध जमीन पर निर्माण शुरू करने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि एनएचएआई की करीब 8 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण बचा है। इसके लिए एनओसी प्राप्त करने को संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है। जमीन अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया प्रशासन की ओर से लगभग पूरी कर ली गई है। 20 साल से जाम झेल रहे लोग, उम्मीदों पर फिरा पानी अनवरगंज से मंधना के बीच रेलवे क्रॉसिंग और जीटी रोड पर लगने वाला जाम करीब दो दशक से शहरवासियों के लिए मुसीबत बना हुआ है। ट्रेन गुजरने के दौरान रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इसका असर जीटी रोड से गुजरने वाले हजारों लोगों की आवाजाही पर पड़ता है। एलिवेटेड ट्रैक बनने के बाद ट्रेनों का संचालन ऊंचाई पर होने से रेलवे क्रॉसिंग की समस्या खत्म होने और सड़क यातायात को सुगम बनाने की उम्मीद है। इससे जीटी रोड पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिल सकती है। लेकिन 92 प्रतिशत जमीन मिलने के बावजूद निर्माण शुरू न होने से परियोजना की समयसीमा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब सबकी निगाहें शेष जमीन के अधिग्रहण और रेलवे की ओर से निर्माण शुरू किए जाने पर टिकी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User