पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में दाद की दवा भी नहीं:मरीजों को बाहर से खरीदनी पड़ रही, काउंटर से कई मरीज खाली हाथ लौटे
पीलीभीत के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में दाद, खाज और खुजली की दवाएं और लगाने वाले ट्यूब उपलब्ध नहीं हैं। मरीजों को दवा काउंटर से खाली हाथ लौटना पड़ रहा है या बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है। सोमवार सुबह 10 बजे अस्पताल के दवा काउंटर पर मरीजों की कतार लगी थी। कई मरीजों को दवा उपलब्ध न होने की बात कहकर लौटाया जा रहा था। परिसर में बने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से मरीज दवाएं खरीद रहे हैं। इलाज कराने आए हरस्वरूप ने बताया कि जिला अस्पताल के डॉक्टर ने तीन दवाएं लिखी थीं, लेकिन काउंटर से उन्हें केवल एक डिब्बी मिली। बाकी दो दवाएं बाहर से लेने को कहा गया। उन्होंने कहा कि कई मरीजों को बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है। दाद की दवा लेने आए हरिओम ने बताया कि डॉक्टर ने खाने की गोली और लगाने का ट्यूब लिखा था। काउंटर के कर्मचारियों ने कहा कि ट्यूब यहां नहीं मिलता और उसे बाहर से खरीदना होगा। जन औषधि केंद्र पर रियायती दरों में दवाएं मिल रही हैं। लेकिन मुफ्त इलाज की उम्मीद लेकर आए मरीजों को दवाओं के लिए पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। दवाओं की उपलब्धता और कमी के आंकड़ों पर मेडिकल कॉलेज का पक्ष जानने के लिए उप प्राचार्य डॉ. अरुण से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)