पीलीभीत में बेटे को बचाने पहुंची मां से मारपीट:कपड़े फाड़ने की कोशिश और छेड़छाड़ का आरोप, तीन पर केस दर्ज
पीलीभीत के बरखेड़ा इलाके के बर्रामऊ गांव में एक महिला से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार रात 9 बजे तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। महिला ने पुलिस को बताया कि 19 नवंबर 2026 को उसका पति काम से रुद्रपुर गया था। वह घर पर अपने छोटे बेटे के साथ अकेली थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले रामसेवक पुत्र द्वारिका प्रसाद, उसका भतीजा दीपक कुमार पुत्र रीतराम और रामस्वरूप पुत्र द्वारिका प्रसाद काफी समय से उस पर बुरी नजर रखते थे। आरोपियों ने उस पर अश्लील टिप्पणियां कीं महिला ने यह भी आरोप लगाया कि वे पहले उसकी बेटी से कई बार अभद्रता कर चुके थे। महिला के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपियों ने उस पर अश्लील टिप्पणियां कीं। उसके बेटे ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उससे मारपीट शुरू कर दी। महिला बेटे को बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उसे पकड़कर पीटा। आरोप है कि दीपक ने गलत नीयत से महिला के कपड़े फाड़ने की कोशिश की और उससे छेड़छाड़ की। रामसेवक ने पीछे से लोहे की किसी भारी वस्तु से महिला के सिर पर वार किया। ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग गया महिला सिर में चोट लगने के बाद बेहोश हो गई। बेटे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग गए। ग्रामीणों की मदद से महिला को घर लाया गया। महिला ने बताया कि 20 नवंबर को होश आने के बाद वह थाने पहुंची और शिकायत दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)