दहेज-में कार नहीं मिली तो विवाहिता को घर से निकाला:सहारनपुर में मायके पहुंचकर मां-बेटी से मारपीट का आरोप, पति समेत 6 पर FIR
सहारनपुर में बड़ी ऑटो गियर कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को ससुराल में रखने से इनकार करने का आरोप है। आरोप है कि पति समेत छह लोगों ने मायके पहुंचकर विवाहिता और उसकी मां से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। महिला थाना पुलिस ने शनिवार सुबह 8 बजे शिकायत पर छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। मानकमऊ निवासी वशु ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 10 दिसंबर 2025 को मधुवन विहार कॉलोनी, ओजपुरा निवासी अमित कुमार से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। मां ने SBI से 8 लाख रुपए का लोन लिया और पिता की जमा पूंजी के करीब 8 लाख रुपए मिलाकर शादी में कुल 16 लाख रुपए खर्च किए। शादी में घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े, बर्तन और जेवर भी दिए थे। वशु के मुताबिक, शादी के बाद जेठानी छोटी-छोटी बातों पर उसे परेशान करने लगीं और सास-ससुर को उसके खिलाफ भड़काती थीं। पति और जेठ से शिकायत करने पर भी उन्होंने उसका पक्ष नहीं लिया। मार्च 2026 में ससुराल वाले उसे मायके छोड़ गए और वापस लेने नहीं आए। बाद में मायके पक्ष के रिश्तेदारों ने ससुराल जाकर बात की, तो आरोपियों ने उसे साथ रखने से इनकार कर दिया। वशु का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने बड़ी ऑटो गियर कार देने पर ही उसे घर में रखने की शर्त रखी। मायके पक्ष ने आर्थिक स्थिति का हवाला देकर मांग पूरी करने में असमर्थता जताई। वशु के मुताबिक, 3 मई 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे पति समेत छह आरोपी एक साथ उसके मायके पहुंचे। उस समय वह और उसकी मां घर पर अकेली थीं। आरोप है कि कार की मांग दोहराते हुए आरोपियों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर मां-बेटी से मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और दोनों को बचाया। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को ससुराल में न रखने और कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)