बरेली में पुलिस मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर चोर गिरफ्तार:चोर ने पुलिस टीम पर की फायरिंग, सिपाही घायल, बदमाश के पैर में लगी गोली
बरेली इज्जतनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और एक शातिर चोर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस से घिरता देख बदमाश ने जान से मारने की नीयत से टीम पर फायर झोंक दिया, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मूल रूप से सीबीगंज के चंद्रपुर जोगियान निवासी संजय गिरी (30) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में राजस्थान के भिवाड़ी (कालू कॉलोनी, सैथल खां) में रह रहा था। आरोपी के खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं। चोरी का माल और अवैध असलहा बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, तीन खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक बाइक, 30,220 रुपये नकद, 08 चांदी (सफेद धातु) के सिक्के और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी, सिक्के और मोबाइल फोन पिछले महीने हुई एक बड़ी चोरी की वारदात से संबंधित हैं। ऐसे हुई मुठभेड़ इज्जतनगर पुलिस टीम शुक्रवार रात करीब 9:55 बजे कलापुर पुलिया नहर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मलपुर की ओर से आ रहे एक बाइक सवार को पुलिस ने टॉर्च की रोशनी से रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही युवक ने बाइक पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन हड़बड़ाहट में उसकी बाइक फिसल गई। पुलिस टीम जब उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़ी, तो बदमाश ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में आरक्षी निशू तिवारी घायल हो गए। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश संजय गिरी के पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा। घायल सिपाही और बदमाश दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अक्टूबर में हुई चोरी का हुआ खुलासा इस गिरफ्तारी से 13 अक्टूबर 2026 को उत्सव महानगर पार्ट-2 निवासी श्याम बिहारी लाल के घर हुई चोरी का खुलासा हुआ है। श्याम बिहारी लाल परिवार के साथ बाजार गए थे, तभी चोरों ने किचन की खिड़की की ग्रिल उखाड़कर अलमारी का लॉकर तोड़ा था और जेवरात व 30 हजार रुपये नकद पार कर दिए थे। पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट की धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर लिया है।
"रात्रि चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक आरक्षी घायल हुए हैं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुआ है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और पिछले महीने हुई चोरी की घटना से संबंधित नकदी व सामान बरामद हुआ है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।"— शिवम आशुतोष, एएसपी (ASP)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)