पल्हैड़ा फ्लाईओवर से कंक्रीट के टुकड़े गिरने लगे:दरारें दिखने के बाद एक हिस्से में आवाजाही बंद, एनएचएआई की टीम करेगी जांच
मेरठ में दिल्ली-दून हाईवे पर पल्हैड़ा फ्लाईओवर की हालत खराब होने लगी है। पुल में दरारें आने के साथ ही नीचे से कंक्रीट, रोड़ी और डस्ट के टुकड़े टूटकर गिर रहे हैं। रोजाना हजारों वाहनों की आवाजाही वाले इस फ्लाईओवर पर ऐसी स्थिति ने यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुल के ऊपर से भारी वाहन गुजर रहे हैं और नीचे गिर रहे टुकड़ों से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। खतरे को देखते हुए फिलहाल फ्लाईओवर के एक हिस्से में यातायात रोक दिया गया है। पिछले दो दिनों से पुल की स्थिति लगातार चर्चा में है। फ्लाईओवर में दिखाई दे रही दरारों और नीचे गिरती निर्माण सामग्री का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुल की मजबूती और उसके रखरखाव पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। मामले की जानकारी मिलने पर सिवाया टोल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने फ्लाईओवर की स्थिति देखी और एहतियात के तौर पर प्रभावित हिस्से के नीचे बैरियर और संकेतक लगवा दिए। इसके साथ ही एक हिस्से में वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई, जिससे टूटकर गिरने वाले टुकड़ों की चपेट में कोई वाहन या राहगीर न आए। फ्लाईओवर में दरारें क्यों आईं और निर्माण सामग्री क्यों टूटकर गिर रही है, इसका अभी स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। भारी वाहनों का दबाव या तकनीकी खामी इसकी वजह हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। सिवाया टोल की ओर से एनएचएआई अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी गई है। अब एनएचएआई की तकनीकी टीम फ्लाईओवर का निरीक्षण करेगी। जांच में पुल की मजबूती और नुकसान का आकलन किया जाएगा। इसके बाद मरम्मत को लेकर फैसला होगा। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही वाले इस फ्लाईओवर को सुरक्षित बनाने के लिए जिम्मेदार विभाग कब ठोस कदम उठाएगा। 3 तस्वीरें देखिए…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)