BHU पहुंचे केन्द्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत:बोले- महिला आरक्षण पर विपक्ष को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष के विरोध पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह महिलाओं को आरक्षण और विधायी अधिकार देने के पक्ष में है या नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि हर बाधा को दूर कर मातृशक्ति को उसका अधिकार दिलाया जाएगा। सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है। केंद्रीय मंत्री रविवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन में आयोजित स्टूडेंट-फैकल्टी बिनाले 2026 का अवलोकन करने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर अपनी बात रखी। परिसीमन के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह विधायी और संवैधानिक रूप से आवश्यक है। इसका फैसला स्वतंत्र परिसीमन आयोग ही कर सकता है। महिलाओं को आरक्षण देने के लिए भी यह संवैधानिक बाध्यता है। इसलिए परिसीमन होना आवश्यक है और यह होकर रहेगा। काशी और तमिलनाडु का रिश्ता सदियों पुराना काशी और तमिलनाडु के संबंधों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दोनों के बीच सदियों पुराना रिश्ता रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना की चर्चा करते हैं, वह भारत में सदियों से स्थापित है। कुछ लोग यह नैरेटिव गढ़ने की कोशिश करते हैं कि मुगलों या अंग्रेजों के आने से पहले भारत एक देश और एक स्वरूप में नहीं था। जबकि काशी-तमिल, सौराष्ट्र-तमिल संबंध, केरल से सोमनाथ तक आदि शंकराचार्य की यात्रा और कुंभ जैसे आयोजन इस बात के प्रमाण हैं कि भारत सदियों से एक था और श्रेष्ठ भी था। 300 दुर्लभ तस्वीरों और ऐतिहासिक दस्तावेजों को देखा बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में आयोजित प्रदर्शनी में केंद्रीय मंत्री ने स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी करीब 300 दुर्लभ तस्वीरों का अवलोकन किया। उन्होंने क्रांतिकारियों और महापुरुषों के हस्ताक्षरों को देखा। इसके अलावा कई राजनेताओं की तस्वीरों और उनके ऐतिहासिक पत्रों को भी देखा और उनके बारे में जानकारी ली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)