प्रयागराज में आवास योजना के पात्रों की तलाश, चलेगा अभियान:सांसद प्रवीण पटेल ने मांगी तहसीलवार आवेदनों और लाभार्थियों की सूची

Nov 16, 2026 - 19:53
0
प्रयागराज में आवास योजना के पात्रों की तलाश, चलेगा अभियान:सांसद प्रवीण पटेल ने मांगी तहसीलवार आवेदनों और लाभार्थियों की सूची
प्रयागराज में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों की पहचान के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। फूलपुर सांसद एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) के अध्यक्ष प्रवीण पटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए तहसीलवार प्राप्त आवेदनों और लाभान्वित लोगों की सूची तैयार कर जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए। सोमवार को सर्किट हाउस में हुई दिशा की बैठक में सांसद ने आवास योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष सभी पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत योजना का लाभ मिलना चाहिए। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का सत्यापन कराकर पात्र लोगों को लाभान्वित करने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए। बैठक की अध्यक्षता सांसद प्रवीण पटेल ने की, जबकि भदोही सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद सहअध्यक्ष रहे। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आर्थिक स्थिति और उनके उत्पादों की बिक्री का मुद्दा भी उठा। सांसद ने समूहों की महिलाओं के कामकाज का सर्वे कराने को कहा, ताकि पता चल सके कि उनके काम से कितनी आमदनी हो रही है। सक्रिय और निष्क्रिय समूहों की महिलाओं की संयुक्त बैठक कर निष्क्रिय समूहों को काम के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। अच्छा काम करने वाले समूहों की सूची भी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने को कहा। कृषि योजनाओं की समीक्षा में लक्ष्य के अनुरूप मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनाने और किसानों के खेतों की मिट्टी की जांच कराने पर जोर दिया गया। ब्लॉक स्तर पर स्थापित केंद्रों के कर्मचारियों के कामकाज की नियमित निगरानी करने के निर्देश उप निदेशक कृषि को दिए गए। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत निर्माण कार्यों को भी गुणवत्ता के साथ पूरा कराने को कहा गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User