गोरखपुर में खाना बनाते समय सिलेंडर में लगी आग, 7-झुलसे:परिवार के 3 लोग मेडिकल कॉलेज में भर्ती, पुलिस की मदद से बुझी आग
गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद में सोमवार शाम करीब 4.30 बजे खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई। जिसमे एक ही परिवार के 7 लोग झुलस गए। सूचना पर पीआरबी और गोरखनाथ पुलिस मौके पर पहुंची आस-पास के लोगों के साथ आग पर काबू पाया। सभी घायलों को एम्बुलेंस से बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। 4 लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया। इनमें से 3 लोगों को भर्ती किया गया है। पुलिस के मुताबिक, सभी की हालत सामान्य है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। खाना बनाते समय हुआ हादसा पुलिस के मुताबिक, नौरंगाबाद के सफीक अहमद के मकान में शाम को खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग देखकर घर के लोग उसे बुझाने लगे। इसी दौरान आग की चपेट में आकर परिवार के 7 लोग झुलस गए। झुलसे 7 लोगों में सफीक अहमद (70)] तफीक अहमद (53), तुफैल अहमद (48), शबनम खातून (45), बन्नो खातून (25), उजमा (22), उमरा खातून (16) का नाम शामिल है। इसमे से रेहान, तुफैल और बन्नो को मेडिकल कॉलेज के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों ने बताया कि घायल की हालत सामान्य है। बीच रास्ते से वापस लौटी फायर ब्रिगेड गोरखनाथ पुलिस ने बताया कि पीआरवी के जरिए सूचना मिली थी कि नौरंगाबाद निकट खुशी मैरेज लॉन के पास एक मकान में सिलेंडर में आग लगने से परिवार के लोग जल गए हैं। सूचना पर उप निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में सिलेंडर से आग लगने की बात सामने आई। सभी घायलों को एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। पुलिस टीम ने आग पर काबू पा लिया था। सूचना पर फायर ब्रिगेड टीम भी रवाना हो गई थी। इससे पहले ही आग बुझा ली गई थी। इसलिए बीच रास्ते से ही टीम को वापस भेज दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)