प्रयागराज में जारी हुई मतदाता सूची की ड्राफ्ट कॉपी,:39.28 लाख मतदाता दर्ज, 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम
प्रयागराज में आगामी चुनावों को लेकर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार, 17 नवंबर को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संगम सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची के आलेख्य (ड्राफ्ट) प्रकाशन और आगे की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में जिले के कुल 39 लाख 28 हजार 598 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 21 लाख 46 हजार 70 पुरुष, 17 लाख 82 हजार 231 महिलाएं और 297 अन्य मतदाता शामिल हैं। अब मतदाता 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक अपना नाम जुड़वाने, हटवाने या सूची में दर्ज जानकारी में सुधार के लिए दावा और आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। 1 जनवरी 2027 को 18 साल पूरे करने वाले भी जुड़वा सकेंगे नाम ऐसे युवा जिनकी उम्र 1 जनवरी 2027 को 18 साल पूरी हो रही है और जिनका नाम अभी मतदाता सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए अपने बूथ के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास आवेदन जमा करना होगा। ऑनलाइन आवेदन भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in और ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से भी किया जा सकता है। नाम और पता सुधारने के लिए भरना होगा फॉर्म-8 मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, पता या अन्य जानकारी में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। इसके अलावा मतदाता पहचान पत्र बदलवाने, दिव्यांग मतदाता के रूप में नामांकन कराने और निवास स्थान बदलने पर भी इसी फॉर्म के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। जिले में 4,887 मतदेय स्थल बनाए गए ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 4,887 मतदेय स्थल और 2,247 मतदान केंद्र हैं। इन सभी मतदेय स्थलों पर 4,887 बीएलओ तैनात किए गए हैं। मतदाता सूची तैयार करने के लिए 12 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और 84 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी लगाए गए हैं। यहां देख सकेंगे अपना नाम मतदाता अपने मतदान केंद्र, तहसील कार्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय में जाकर ड्राफ्ट मतदाता सूची देख सकते हैं। इसके अलावा प्रयागराज की वेबसाइट https://prayagraj.nic.in/ पर भी मतदाता सूची की पीडीएफ उपलब्ध रहेगी। बीएलओ 17 से 22 नवंबर के बीच ग्राम सभा और वार्ड कमेटी की बैठकों में मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे और नामों का सत्यापन करेंगे। 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम सूची निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इनके निस्तारण की प्रक्रिया 28 दिसंबर 2026 तक पूरी की जाएगी। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)