प्रयागराज में रोहित काली की नृत्य-नाटिका ने बांधा समां:दीपावली शिल्प मेले में दिखी पारंपरिक लोककला की झलक

Oct 26, 2026 - 22:42
0
प्रयागराज में रोहित काली की नृत्य-नाटिका ने बांधा समां:दीपावली शिल्प मेले में दिखी पारंपरिक लोककला की झलक
प्रयागराज उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित दीपावली शिल्प मेले की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या में मां काली के स्वांग नृत्य-नाटिका ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रयागराज के कलाकार रोहित काली ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से पंडाल में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक लोकशैली में मां काली के स्वरूप पर आधारित इस प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। सोमवार को संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में लोकगीत, शास्त्रीय संगीत और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. विवेक निगम, केंद्र निदेशक सुदेश शर्मा और सलाहकार कल्पना सहाय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मां काली की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र सांस्कृतिक कार्यक्रम में रोहित काली की मां काली पर आधारित स्वांग नृत्य-नाटिका खास आकर्षण रही। पारंपरिक लोकनाट्य शैली में कलाकार ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान खींचा। उनके साथ देवानंद ने हारमोनियम, अशोक कुमार ने ढोलक, नरसिंह बहादुर ने करताल और रामनरेश ने मंजीरा पर संगत की। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इससे पहले सुभाष चंद्र यादव और उनके दल ने हनुमान जी तथा माता अंजनी के मिलन प्रसंग पर आधारित बिरहा प्रस्तुत किया। ब्रह्मनाद प्रतियोगिता में शास्त्रीय वादन में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाले रतन श्री ने राग पुरिया धनश्री में बांसुरी वादन किया। तबले पर आदित्य मिश्रा ने संगत की। सोनभद्र से आए बनारसी और उनके साथी कलाकारों ने कर्मा और धावा पूर्वइया लोकनृत्यों के जरिए क्षेत्रीय लोक संस्कृति की झलक पेश की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आकांक्षा पाल ने किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मेले में विभिन्न राज्यों से आए शिल्पकारों के हस्तनिर्मित उत्पाद भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। मंगलवार की सांस्कृतिक संध्या में गजल गायक भूपेंद्र शुक्ला और सुगम संगीत गायिका डॉ. आकांक्षा पाल प्रस्तुति देंगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User