संत प्रेमानंद महाराज के दर्शनों को उमड़ी भीड़:पदयात्रा करते हुए पहुंचे केली कुंज आश्रम, रास्ते में भक्तों ने बिछाए फूल

Nov 14, 2026 - 08:15
0
संत प्रेमानंद महाराज के दर्शनों को उमड़ी भीड़:पदयात्रा करते हुए पहुंचे केली कुंज आश्रम, रास्ते में भक्तों ने बिछाए फूल
संत प्रेमानंद महाराज शनिवार की सुबह पदयात्रा करते हुए केलिकुंज आश्रम पहुंचे। इस दौरान उनके दर्शनों के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिक्रमा में करीब एक किलोमीटर तक भक्तों की दोनों तरफ लाइन लगी नजर आई। संत प्रेमानंद महाराज के दर्शनों के लिए पहुंचे भक्तों ने रास्ते में फूल बिछाए तो जमकर आतिशबाजी भी की। इस दौरान भक्तों ने उनका अभिवादन श्री हरिवंश कह कर किया। यमुना बिहार कुंज आश्रम से पहुंचे केली कुंज आश्रम संत प्रेमानंद महाराज शनिवार की सुबह अपने परिकर के साथ यमुनापार बेलवन स्थित यमुना बिहार कुंज आश्रम से वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम पहुंचे। संत प्रेमानंद महाराज पहले गाड़ी से यमुना किनारे पहुंचे,वहां से स्टीमर के जरिए यमुना पार कर वृंदावन आए। यहां से वह परिक्रमा मार्ग पहुंचे। जहां भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए वह गाड़ी से उतर गए। केली कुंज आश्रम तक की पदयात्रा संत प्रेमानंद महाराज गाड़ी से उतरकर पदयात्रा करते हुए केली कुंज आश्रम की तरफ बढ़ने लगे। इस दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सेवादारों ने सड़क के दोनों तरफ रस्सी बांध दी। इसके बाबजूद लोग उनकी एक झलक पाने को आतुर नजर आए। पुलिस और आश्रम से जुड़े सेवादारों को संत प्रेमानंद महाराज को भीड़ के बीच से आश्रम ले जाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। भक्तों ने की आतिशबाजी संत प्रेमानंद महाराज को अपने बीच पदयात्रा करते हुए देख भक्त आनंदित हो उठे। भक्तों ने पदयात्रा के रास्ते में फूल बिछा दिए,जमकर आतिशबाजी की गई। ऐसा लग रहा था जैसे दिवाली मनाई जा रही हो। संत प्रेमानंद महाराज जैसे जैसे पदयात्रा करते हुए आगे बढ़ रहे थे,भक्तों की भीड़ बढ़ती जा रही थी। भक्तों ने इस दौरान उनका राधे राधे और श्री हरिवंश कहकर अभिवादन किया। संत प्रेमानंद महाराज के निकलने के बाद भक्त पीछे से उनको प्रणाम करते हुए नजर आए। 7 महीने बाद पहली बार दिखा ऐसा नजारा शनिवार को संत प्रेमानंद महाराज के दर्शनों के लिए उमड़ी भीड़ और भक्तों द्वारा स्वागत में बिछाए गए फूल,की गई आतिशबाजी देखकर ऐसा लगा जैसे 7 महीने पहले पदयात्रा के दौरान दिखता था। इससे पहले संत प्रेमानंद महाराज ने मई महीने तक जब पदयात्रा की थी उस समय भक्त उनके पदयात्रा के रास्ते को इसी तरह सजाते थे। शनिवार को पदयात्रा पर आने से पहले उनका एक वीडियो भाई दूज के दिन वायरल हुआ था। जिसमें वह बुलेट बाइक पर सवार होकर यमुना किनारे साधना करने जाते हुए दिखे थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User