प्रयागराज मंडल में दो महीने में सुधार का लक्ष्य:GM ने अधिकारियों से रेलवे को अपना प्रतिष्ठान समझकर काम करने को कहा
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने शुक्रवार को प्रयागराज मंडल में चल रहे विकास कार्यों, रेल परिचालन, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, समयपालन और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। सिंह ने कहा कि अधिकारी रेल परिचालन को अपनी जिम्मेदारी समझकर चलाएं। रेलवे को ऐसे चलाया जाए, जैसे वह हर अधिकारी का अपना प्रतिष्ठान हो। उन्होंने कानपुर क्षेत्र में अगले दो महीने के भीतर रेल परिचालन और दूसरी व्यवस्थाओं में सुधार करने का लक्ष्य दिया। बैठक में मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एमएम वारिस, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) धनंजय कुमार सिंह और महाप्रबंधक के सचिव अखिल शुक्ला समेत अलग-अलग विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने मंडल को दुर्घटनामुक्त बनाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर जाने से पहले लोको पायलटों से सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे जाएं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कार भी दिया जाए। उन्होंने ब्लॉक लेने के समय संबंधित लोको की उपलब्धता पक्की करने और ब्लॉक की अवधि के हिसाब से काम की शिफ्ट तय करने को कहा। ट्रैक पेट्रोलिंग के दौरान सुरक्षा के सभी इंतजाम करने, ओएचई फेलियर की घटनाएं शून्य करने और स्टेशन मास्टर कक्षों में जल्द सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए। निर्माण और रखरखाव के काम की गुणवत्ता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ मरम्मत के बजाय स्थायी समाधान पर ध्यान दिया जाए। इसके लिए ठेकेदारों से सीधे तालमेल कर काम की नियमित निगरानी करने को कहा। आगामी मानसून से पहले सभी स्टेशनों और प्लेटफॉर्मों पर पानी निकासी की व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए गए। सिंह ने रेलवे परिसरों में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल, कोचों पर सोलर पैनल लगाने के लिए सही चिपकाने की तकनीक अपनाने और काम की निगरानी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का ज्यादा इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)