बीमारी से मौत की पुष्टि, फिर भी दो कमरे सील:बहन ने जताया था हत्या का अंदेशा, शनिवार को बहन की मौजूदगी में खुलेंगे कमरे
मेरठ में 45 वर्षीय मुकेश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। रिपोर्ट में मुकेश की मौत बीमारी के चलते होने की पुष्टि हुई है। इसके बावजूद पुलिस ने घर के उन दोनों कमरों की सील नहीं खोली है, जिन्हें मौत के बाद एहतियातन बंद कराया गया था। कमरों में परिवार के कपड़े और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सुभाष नगर गली नंबर 3/1 निवासी मुकेश पुत्र प्रह्लाद सिंह की बुधवार को घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव घर के एक कमरे में पड़ा मिला था। घटना का पता उस समय चला, जब बुलंदशहर निवासी उसकी बहन सीमा भाई के घर पहुंची। सीमा ने बताया था कि उसे सपने में भाई के साथ अनहोनी होने का आभास हुआ था। इसी आशंका के चलते वह मेरठ पहुंची तो घर में मुकेश की मौत होने की जानकारी मिली। इसके बाद उसने इसी मकान में रहने वाले अपने बड़े भाई मनोज और उसके परिवार पर हत्या का अंदेशा जताया था। घर के कमरे सील कर लौटी पुलिस
बहन की ओर से हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया था। साथ ही घर के दो कमरों को सील कर दिया गया था। इनमें एक कमरा वह था, जहां मुकेश का शव मिला था, जबकि दूसरा बड़े भाई मनोज का था। इस कमरे में परिवार का सामान रखा हुआ था। पुलिस ने दोनों कमरों को सील करने के साथ ही जाते समय मनोज के परिवार का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया था। रिपोर्ट आई लेकिन नहीं खुली कमरों की सील
बुधवार को हुई मौत के बाद परिवार के बीच आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बन गई थी। बहन सीमा ने बड़े भाई मनोज और उसके परिवार पर हत्या का अंदेशा जताया था। ऐसे में पुलिस ने दोनों कमरों को सील कर दिया था। गुरुवार रात पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो मुकेश की मौत का कारण बीमारी बताया गया। एसएचओ सिविल लाइन गौरव विश्नोई ने भी इसकी पुष्टि की। पुलिस ने घर में रहने वाले परिवार को भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत का कारण बता दिया लेकिन दोनों कमरों की सील नहीं खोली। जरूरी सामान बंद, मोबाइल भी नहीं मिला
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद परिवार को उम्मीद थी कि पुलिस दोनों कमरों को खोल देगी ताकि वह अपना सामान निकाल सके। हालांकि, शुक्रवार तक सील नहीं खुलने से परिवार की परेशानी बढ़ गई। कमरों में कपड़े और रोजमर्रा की जरूरत का काफी सामान रखा हुआ है। पुलिस की अनुमति के बिना परिजन कमरों को खोल नहीं सकते। दूसरी ओर, परिवार का मोबाइल फोन भी पुलिस के कब्जे में है। ऐसे में परिजन सामान और मोबाइल दोनों के लिए परेशान हैं। बहन की मौजूदगी में ही खुलेगी सील
एसएचओ सिविल लाइन गौरव विश्नोई ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुकेश की मौत बीमारी के कारण होने की पुष्टि हो चुकी है। परिवार के सदस्यों के बीच विवाद है। ऐसे में शनिवार को मृतक की बहन सीमा की मौजूदगी में ही दोनों कमरों की सील खोली जाएगी। उन्होंने बताया कि यदि सीमा की गैरमौजूदगी में कमरे खोले जाते हैं तो वह बाद में सामान गायब होने का आरोप लगा सकती है। परिवार का मोबाइल फोन भी शनिवार को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)