लखनऊ में पुरानी पेंशन बहाली सम्मेलन:12 दिसंबर दिल्ली रैली का संकल्प, वन कर्मियों ने उठाई प्रमुख मांगें

Nov 04, 2026 - 17:49
0
लखनऊ में पुरानी पेंशन बहाली सम्मेलन:12 दिसंबर दिल्ली रैली का संकल्प, वन कर्मियों ने उठाई प्रमुख मांगें
लखनऊ में पुरानी पेंशन बहाली और अन्य लंबित मांगों को लेकर 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में राष्ट्रीय कर्मचारी आक्रोश रैली आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर बुधवार को फोरेस्ट मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश का मंडलीय सम्मेलन आयोजित हुआ। राज्य अध्यक्ष रामदेव यादव की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया। उन्होंने बड़ी संख्या में दिल्ली रैली में शामिल होने का संकल्प लिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि सांसदों और विधायकों को पुरानी पेंशन मिल रही है, जबकि सरकारी सेवा में पूरी जवानी देने वाले कर्मचारियों को इससे वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर की रैली के जरिए पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। उन्होंने कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने, आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने तक 20 प्रतिशत बेसिक पे या न्यूनतम 5 हजार रुपए मासिक अंतरिम राहत, 3.8 फिटमेंट फैक्टर, पांच प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि और 18 महीने के बकाया डीए/डीआर का भुगतान करने की मांग उठाई। एसोसिएशन के महामंत्री मिलिंद सक्सेना ने कहा कि फोरेस्ट विभाग के हजारों कर्मचारी दिल्ली रैली में शामिल होंगे। उन्होंने लिपिक संवर्ग के पुनर्गठन और वरिष्ठ सहायक से प्रधान सहायक तथा प्रधान सहायक से प्रशासनिक अधिकारी के पदों पर लंबित पदोन्नति का मुद्दा उठाया। उन्होंने रिक्त पदों पर शीघ्र पदोन्नति और लंबित प्रस्तावों का समाधान करने की मांग की। राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष कमल अग्रवाल, महामंत्री अशोक कुमार सिंह, उपाध्यक्ष परमेश्वर सिंह, पेंशनर्स फेडरेशन के उपाध्यक्ष एसपी सिंह और लोक निर्माण विभाग मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के महामंत्री जेपी पांडेय ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान एसोसिएशन के संयोजक संजय शर्मा सहित विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User